March 21, 2026
National

पंजाब के कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने दिया इस्तीफा

Punjab cabinet minister Laljit Singh Bhullar resigns

21 मार्च । पंजाब के कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पंजाब राज्य वेयरहाउस निगम के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा ने आत्महत्या का प्रयास किया था, जिसके बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कैबिनेट मंत्री का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार पंजाब में वेयरहाउस विभाग के एक अधिकारी की आत्महत्या के मामले में इस्तीफा लिया गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश भी दिए हैं।

बता दें कि अमृतसर में तैनात पंजाब राज्य वेयरहाउस निगम के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा ने शुक्रवार को जहरीली दवा खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। आत्महत्या से पहले उन्होंने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला था जिसमें उन्होंने अपने ऊपर दबाव बनाए जाने के गंभीर आरोप लगाए थे। यह वीडियो सामने आने के बाद पूरे प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया था।

सूत्रों के मुताबिक, विभाग के पास एक गोदाम के लिए स्थान देने का प्रस्ताव आया था। जब विभागीय टीम ने उस स्थान की जांच की, तो पाया गया कि प्रस्तावित जगह के ऊपर से उच्च वोल्टेज की बिजली की तारें गुजर रही थीं, जो सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं थीं। इसी कारण विभाग ने उस प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। बताया जा रहा है कि इस फैसले को लेकर अधिकारी पर दबाव बनाया जा रहा था।

आरोप है कि शुक्रवार को अमृतसर दौरे के दौरान मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने इस मामले में जिला प्रबंधक पर कथित रूप से निर्णय बदलने का दबाव डाला। इससे मानसिक रूप से आहत होकर गगनदीप सिंह रंधावा ने यह कठोर कदम उठाया। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।

घटना के बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मंत्री से इस्तीफा ले लिया और मुख्य सचिव को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या दबाव की राजनीति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।

वहीं मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या दबाव की राजनीति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave feedback about this

  • Service