N1Live National सैम पित्रोदा की पीएम मोदी की तारीफ पर राहुल गांधी करें आत्मचिंतन: आनंद दुबे
National

सैम पित्रोदा की पीएम मोदी की तारीफ पर राहुल गांधी करें आत्मचिंतन: आनंद दुबे

शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करने वाले सैम पित्रोदा, छठ पर्व के दौरान मुंबई रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गीतों को लेकर हुए विवाद, सोनिया गांधी द्वारा भाजपा-आरएसएस पर लगाए गए आरोपों पर प्रियंका गांधी की टिप्पणी पर अपनी राय व्यक्त की और विपक्ष से परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों पर संसद के विशेष सत्र में सहयोग करने की अपील की।

शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा, “कांग्रेस के ओवरसीज डिपार्टमेंट के चेयरमैन और राजीव गांधी के करीबी मित्र सैम पित्रोदा अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ कर रहे हैं और उनके अच्छे व्यवहार की प्रशंसा कर रहे हैं तो राहुल गांधी को आत्मचिंतन करना चाहिए। जब चाचा (सैम पित्रोदा) ही भतीजे की बातों से सहमत नहीं हैं और प्रधानमंत्री के अच्छे कामों की सराहना कर रहे हैं तो कांग्रेस के भीतर मतभेद साफ नजर आते हैं। राहुल गांधी विदेश क्यों जा रहे हैं, यह भी समझ से परे है।”

प्रियंका गांधी के बयान ने बयान दिया है कि सोनिया गांधी सालों से भाजपा-आरएसएस के झूठ का जवाब दे रही हैं। इस पर शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा, “सोनिया गांधी वर्षों से भाजपा और आरएसएस पर झूठ बोलने का आरोप लगा रही हैं। प्रियंका गांधी को स्पष्ट करना चाहिए कि भाजपा और आरएसएस ने कौन-कौन सी बातें झूठ कही हैं।”

उन्होंने सोनिया गांधी की पुस्तक में लिखी बातों का हवाला देते हुए कहा कि बाबरी विध्वंस के समय उनकी आंखों में आंसू थे और इमरजेंसी के दौरान परिवार में मतभेद थे। दुबे ने कहा कि बीजेपी और आरएसएस ने हमेशा विचारों की लड़ाई लड़ी है, जबकि कांग्रेस शासन में इमरजेंसी लगाकर संविधान को बंधक बनाया गया और नेताओं को जेल में डाल दिया गया था।

परिसीमन बिल पारित कराने के लिए संसद के विशेष सत्र बुलाने को कांग्रेस द्वारा ब्लफ बताए जाने पर आनंद दुबे ने कहा, “संसद का विशेष सत्र बुलाया जाता है तो विपक्ष को उसका पूरा सहयोग करना चाहिए। विपक्ष नियमित सत्र के दौरान संसद की कार्यवाही बाधित करता है, लेकिन परिसीमन और महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा के लिए संसद को सुचारू रूप से चलने देना चाहिए। इन विधेयकों से आधी आबादी को सम्मान और अधिकार मिलेगा।”

दुबे ने विपक्ष से अपील की कि वह राजनीतिक विरोध छोड़कर संवैधानिक कानून बनाने में सहयोग करे और संसद की कार्यवाही बाधित कर जनता के करोड़ों रुपए बर्बाद न करें।

मुंबई में रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने को लेकर विवाद पर शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “छठ का पर्व अत्यंत पावन और पवित्र त्योहार है। छठ मइया प्रकृति की देवी हैं और श्रद्धालुओं को संतान की दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद देती हैं। यह पर्व देश-विदेश में धूमधाम से मनाया जाता है। रेलवे स्टेशन पर छठ गीत बजाने को लेकर रेलवे प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि यह किसके निर्देश पर और किन नियमों के तहत किया गया। रेलवे प्लेटफॉर्म यात्रियों की सुविधाओं और सूचनाओं के लिए होते हैं। कुछ अराजक तत्व धार्मिक आस्था का विरोध कर समाज में तनाव फैलाने का प्रयास करते हैं।”

Exit mobile version