कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) राहुल गांधी ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। राहुल गांधी ने जोसेफ विजय को तमिलनाडु के लोगों के अधिकारों, सम्मान और आकांक्षाओं की रक्षा करने और राज्य की प्रगति के लिए मिलकर काम करने का भरोसा दिया।
एलओपी राहुल गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थिरु जोसेफ विजय को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मैं आपके उत्तम स्वास्थ्य और आपके सभी प्रयासों में सफलता की कामना करता हूं। तमिलनाडु के लोगों के अधिकारों, सम्मान और आकांक्षाओं की रक्षा करने और राज्य की प्रगति के लिए मिलकर काम करने में मैं आपके साथ खड़ा हूं।”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा, “तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थिरु जोसेफ विजय को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके प्रयास तमिलनाडु के लोगों की प्रगति और कल्याण को आगे बढ़ाते रहें। मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और सार्वजनिक जीवन में उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।”
वहीं, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष जगन मोहन रेड्डी ने भी जोसेफ विजय को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। उन्होंने पोस्ट किया, “तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर आपको उत्तम स्वास्थ्य और आपके सभी कार्यों में सफलता प्रदान करे।”
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय को जन्मदिन की बधाई दी और उनके लंबे व स्वस्थ जीवन की कामना की। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थिरु सी. जोसेफ विजय को जन्मदिन की बधाई। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।”
गौरतलब है कि जोसेफ विजय अभिनेता से राजनेता बने हैं। उन्होंने 2024 में ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (टीवीके) पार्टी बनाई और औपचारिक रूप से राजनीति में प्रवेश किया। पार्टी ने 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन किया और राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। टीवीके ने तमिलनाडु विधानसभा की 234 में से 108 सीटों पर विजय हासिल की।
बहुमत के आंकड़े से कम सीटें आने पर टीवीके ने कांग्रेस और अन्य दलों के साथ गठबंधन किया। इसके बाद जोसेफ विजय ने 10 मई को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।


Leave feedback about this