N1Live National राहुल गांधी का 152 पेपर लीक का दावा झूठा, युवाओं को गुमराह करने की कर रहे कोशिश : रामचंद्र राव
National

राहुल गांधी का 152 पेपर लीक का दावा झूठा, युवाओं को गुमराह करने की कर रहे कोशिश : रामचंद्र राव

Rahul Gandhi's claim regarding 152 paper leaks is false; he is trying to mislead the youth: Ramchandra Rao.

तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पेपर लीक संबंधी दावों को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताते हुए कांग्रेस पर युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रही है, जबकि केंद्र सरकार ने परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित बनाने के लिए सख्त कानून लागू किया है।

रामचंद्र राव ने गुरुवार को आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि कांग्रेस पार्टी झूठ की जननी है। राहुल गांधी का यह दावा कि पिछले 12 वर्षों में 152 पेपर लीक हुए, पूरी तरह निराधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कानून बनाया है, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सके।

उन्होंने कहा कि हाल के नीट परीक्षा से जुड़े पेपर लीक मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। केंद्र सरकार दोषियों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई कर रही है और परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। रामचंद्र राव ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान भी कई बार पेपर लीक की घटनाएं हुईं और उस समय पार्टी के नेताओं पर ही ऐसे मामलों में संलिप्त होने के आरोप लगे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब झूठे आंकड़े पेश कर लोगों के बीच गलत माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को शिक्षा व्यवस्था की कोई वास्तविक चिंता नहीं है और वह छात्रों के मुद्दों का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है। छात्रों के नाम पर आयोजित किए जा रहे प्रदर्शन वास्तव में छात्र आंदोलन नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि इन प्रदर्शनों में बड़ी संख्या में गैर-छात्र, वामपंथी विचारधारा से जुड़े लोग और असामाजिक तत्व शामिल हो रहे हैं, जबकि अधिकांश प्रतिभागियों का नीट परीक्षा से कोई संबंध नहीं है।

रामचंद्र राव ने कहा कि यदि कांग्रेस के पास इस मुद्दे पर कोई ठोस तथ्य या शिकायत है तो उसे संसद में उठाना चाहिए। उनका आरोप है कि कांग्रेस संसद में चर्चा करने के बजाय सड़क पर राजनीति करना चाहती है और युवाओं को भ्रमित कर रही है। भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले भी स्पष्ट कर चुके हैं कि कांग्रेस शिक्षा और परीक्षा से जुड़े मुद्दों का राजनीतिकरण कर रही है और छात्रों व युवाओं को गुमराह कर रही है।

Exit mobile version