June 30, 2026
National

दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ होगी बारिश, येलो अलर्ट जारी

Rain accompanied by thunderstorms and strong winds expected in Delhi-NCR; ‘Yellow Alert’ issued.

कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस का सामना कर रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम के बदले मिजाज का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखाई देने लगा है।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार और बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इन दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से दोपहर और शाम के समय तेज सतही हवाएं चलने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार 30 जून को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

पूर्वानुमान के मुताबिक दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, जबकि दोपहर और शाम के समय तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। 1 जुलाई को भी मौसम लगभग इसी तरह बना रहेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश और दोपहर एवं शाम के समय तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

इसके बाद 2 जुलाई से मौसम में और सुधार देखने को मिल सकता है। पूर्वानुमान के अनुसार, इस दिन अधिकतम तापमान घटकर 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है, हालांकि कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

3 जुलाई और 4 जुलाई को भी बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने की संभावना है। इन दोनों दिनों में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इन दोनों दिनों के लिए भी मौसम विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन बीच-बीच में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और मानसूनी गतिविधियों के सक्रिय होने के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में हो रहे मौसम परिवर्तन का प्रभाव अब मैदानी इलाकों पर भी पड़ रहा है। इससे तापमान में लगातार गिरावट दर्ज होगी और लोगों को भीषण गर्मी तथा उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि येलो अलर्ट के दौरान तेज हवाओं और गरज-चमक के समय अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचें। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और पेड़ों, बिजली के खंभों तथा कमजोर ढांचों के पास खड़े होने से परहेज करें।

Leave feedback about this

  • Service