N1Live Entertainment राजामौली ने की ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की जमकर तारीफ, रणवीर सिंह की एक्टिंग को बताया मास्टरक्लास
Entertainment

राजामौली ने की ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की जमकर तारीफ, रणवीर सिंह की एक्टिंग को बताया मास्टरक्लास

Rajamouli praises 'Dhurandhar: The Revenge', calls Ranveer Singh's acting a masterclass

21 मार्च । एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस में धमाल मचाने के साथ हर तरफ से वाहवाही बटोरी है। बॉलीवुड से लेकर साउथ सिनेमा तक के कई बड़े स्टार्स फिल्म की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। अब इस लिस्ट में निर्देशक एस.एस. राजामौली का भी नाम जुड़ गया है।

फिल्म देखने के बाद निर्देशक एसएस राजामौली इसकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। दरअसल, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म की जमकर सराहना की। उन्होंने एक लंबा-चौड़ा नोट लिखा, जिसमें उन्होंने आदित्य धर, रणवीर सिंह और पूरी टीम को बधाई दी।

राजामौली ने लिखा, “पहले मुझे फिल्म ‘धुरंधर’ बहुत पसंद आई थी, लेकिन ‘धुरंधर : द रिवेंज’ ने स्केल और भावनाओं के मामले में मूल फिल्म को पीछे छोड़ दिया। फिल्म की कहानी, कलाकारों का चयन, तकनीकी पक्ष, संगीत, धुरंधर का निर्माण और निर्देशन सब कुछ शानदार है, लेकिन सबसे खास बात इसके भावनात्मक पहलू हैं। कहानी में ऐसे ट्विस्ट हैं जो तनाव के साथ भावनाएं भी जगाते हैं।”

निर्देशक ने आदित्य धर को कमाल का बताया और कहा कि करीब 4 घंटे की लंबी फिल्म बनाना और फिर उसे रिलीज करना बड़ी हिम्मत का काम है, लेकिन सबसे खास बात ये है कि दर्शक पूरी फिल्म में सीट से चिपके रहे।

रणवीर सिंह की परफॉर्मेंस पर राजामौली ने खास तारीफ की। उन्होंने लिखा, “रणवीर, क्या कमाल की एक्टिंग की है। बहन के साथ शेड वाला सीन तो एक्टिंग का मास्टरक्लास है। शुरुआत से क्लाइमैक्स तक दोनों किरदारों (हमजा और जसकीरत) में तुमने सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।”

आर. माधवन की एक्टिंग की भी उन्होंने सराहना की। राजामौली ने लिखा, “माधवन जी, आपने पूरे देश की बेबसी और हताशा को इतनी सच्चाई से दिखाया कि आपकी जीत हमारी अपनी जीत जैसी लगी। पूरी टीम को इस बड़ी सफलता के लिए बहुत-बहुत बधाई।”

आदित्य धर द्वारा निर्देशित फिल्म देशभक्ति, जियोपॉलिटिकल ट्विस्ट, हाई-वोल्टेज एक्शन और इमोशनल ड्रामा का मिश्रण है। यह ‘धुरंधर’ का सीक्वल है, जिसमें रणवीर सिंह, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल मुख्य भूमिकाओं में हैं।

Exit mobile version