September 15, 2026
National

राजस्थान निकाय चुनाव: सीएम भजनलाल ने पीएम मोदी का जताया आभार, कहा- ‘विकसित राजस्थान के लिए समर्पित रहेंगे’

Rajasthan Civic Elections: CM Bhajanlal expresses gratitude to PM Modi, says ‘will remain dedicated to a developed Rajasthan’

राजस्थान नगर निकाय चुनाव में भाजपा की बंपर जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को बधाई दी। सीएम शर्मा ने पीएम मोदी को आभार जताया और नतीजे को पार्टी कार्यकर्ताओं का अथक परिश्रम और कुशल मार्गदर्शन से मिली ऊर्जा का परिणाम बताया।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आपके प्रेरक एवं आत्मीय बधाई संदेश तथा स्नेहपूर्ण शब्दों के लिए हृदयतल से आभार! राजस्थान की जनता-जनार्दन का यह आशीर्वाद और भाजपा कार्यकर्ताओं का अथक परिश्रम, आपके कुशल मार्गदर्शन से मिली ऊर्जा का ही परिणाम है। आपके ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ कदम से कदम मिलाकर डबल इंजन सरकार ‘विकसित राजस्थान,’ सुशासन और जनसेवा के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य करती रहेगी।”

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “राजस्थान के नगर निकाय चुनाव में भाजपा को प्रचंड जीत दिलाने के लिए जनता-जनार्दन का हृदय से आभार। यह झूठ की गूंज के सामने सत्य की विजय का प्रमाण है। यहां के मेरे परिवारजनों के इस जनादेश से एक बार फिर साफ हो गया है कि डबल इंजन सरकार की सुशासन एवं विकास की नीतियों को उनका पूरा समर्थन है। इससे राज्य को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के साथ ही जन-जन के जीवन में खुशहाली लाने का हमारा संकल्प भी और सशक्त होगा। इस अवसर पर सभी विजयी प्रत्याशियों के साथ ही पार्टी के समर्पित और परिश्रमी कार्यकर्ताओं को मेरी बहुत-बहुत बधाई!

बता दें कि राजस्थान के 309 नगर निकायों के 9,900 वार्डों में से भाजपा ने 4,026 वार्डों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस को 3,438 और निर्दलीयों को 2,436 वार्डों पर जीत मिली है। यह परिणाम भजनलाल सरकार के 20 महीने के कार्यकाल की पहली बड़ी परीक्षा मानी जा रही थी, जिसमें सरकार पास होती दिख रही है। भाजपा इस जीत को डबल इंजन सरकार की विकास नीतियों पर जनता की मुहर के तौर पर देख रही है।

Leave feedback about this

  • Service