N1Live Entertainment छोटे पर्दे पर राजीव खंडेलवाल का धमाका, आम महिलाओं की कहानियों को देंगे नया मंच
Entertainment

छोटे पर्दे पर राजीव खंडेलवाल का धमाका, आम महिलाओं की कहानियों को देंगे नया मंच

Rajeev Khandelwal's blast on the small screen, will give a new platform to the stories of common women.

26 अप्रैल । टेलीविजन इंडस्ट्री के पॉपुलर अभिनेता राजीव खंडेलवाल एक बार फिर छोटे पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। अभिनेता रियलिटी गेम शो ‘तुम हो ना- घर की सुपरस्टार’ में होस्ट की कमान संभालते नजर आएंगे।

यह शो राजीव के लिए केवल एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि उनकी भावनाओं से जुड़ा एक खास सफर है।

राजीव खंडेलवाल ने अपने जीवन के सबसे इमोशनल सपोर्ट के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि उनकी दिवंगत मां, विजय लक्ष्मी खंडेलवाल, उनके जीवन की असली सुपरस्टार थीं।

अभिनेता ने कहा, “मेरी मां ने हमेशा पर्दे के पीछे रहकर मेरे सपनों को सच करने में मदद की है। वो मेरी जिंदगी की ‘तुम हो न’ थीं। वह मेरे लिए प्रेरणा का एक जरिया रहीं। जिंदगी के हर मोड़ पर वह मेरे साथ खड़ी रहीं। उन्हें कभी कुछ कहने की जरूरत नहीं पड़ी, उनका मुझ पर अटूट भरोसा ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।”

राजीव ने बताया कि इस शो को होस्ट करना उनके लिए अपनी मां और दुनिया की हर उस महिला को सम्मान देने का एक तरीका है, जो अपने परिवार के लिए चट्टान की तरह मजबूत खड़ी रहती है। अभिनेता ने कहा, “यह मंच सिर्फ मेरे लिए नहीं बल्कि, उन सभी महिलाओं के लिए है, जो नि:स्वार्थ भाव से घर संभालती हैं।”

इस शो के जरिए अभिनेता का मकसद उन महिलाओं की कहानियों को दुनिया के सामने लाना है, जो घर और बाहर की तमाम जिम्मेदारियों को बड़ी ही खूबसूरती से निभाती हैं। शो के दौरान राजीव का प्रयास रहेगा कि वह हिस्सा लेने वाली महिलाओं को वही अपनापन और सम्मान महसूस कराएं, जो उन्हें उनकी मां से मिला था।

राजीव खंडेलवाल द्वारा होस्ट किया गया शो ‘तुम हो ना’ 28 अप्रैल को रात 9:00 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लीव पर शुरू होगा। इससे पहले अभिनेता को हिंदी लीगल-ड्रामा वेब सीरीज ‘अमर विश्वास’ में देखा गया था। इसमें राजीव खंडेलवाल ने एक ईमानदार वकील की मुख्य भूमिका निभाई है, जो एक प्रोड्यूसर की हत्या के मामले में फंसी महत्वाकांक्षी अभिनेत्री को बचाने के लिए सच की तलाश करते हैं।

Exit mobile version