June 11, 2026
Entertainment

‘फीफा विश्व कप 2026’ के ऑफिशियल एंथम को कोरियोग्राफ करेंगे राजित देव, बताया- ‘यह सपना सच होने जैसा’

Rajit Dev to choreograph the official anthem for the ‘FIFA World Cup 2026’; calls it ‘a dream come true’.

दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजनों में गिने जाने वाले ‘फीफा विश्व कप 2026’ को लेकर तैयारियां तेज हो चुकी हैं। इस कड़ी में, मशहूर कोरियोग्राफर राजित देव ने ‘फीफा विश्व कप 2026’ के ऑफिशियल एंथम ‘सीर सीर’ की कोरियोग्राफी की है। इसमें अभिनेत्री और डांसर नोरा फतेही नजर आएंगी। खास बात यह है कि यह गीत विश्व कप के उद्घाटन समारोह में दुनिया भर के दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा।

इस खास प्रोजेक्ट को लेकर राजित देव ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, ”दो दशकों से मैं डांस कर रहा हूं। जब मैंने डांस की दुनिया में कदम रखा था, तब मैं दुनिया भर के बड़े कलाकारों को देखकर प्रेरित होता था। उस समय मैं सिर्फ सपने देखता था कि एक दिन मुझे भी किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी कला दिखाने का मौका मिलेगा। जब फीफा विश्व कप जैसे विशाल आयोजन के ऑफिशियल एंथम की कोरियोग्राफी की जिम्मेदारी मुझे मिली है, तो यह मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।”

राजित देव ने कहा, ”जब पूरी दुनिया फीफा विश्व कप के मंच पर उस एंथम को देखेगी, जिसकी कोरियोग्राफी एक भारतीय ने की है, तो यह मेरे लिए गर्व और भावुक कर देने वाला पल होगा। यह मेरे जीवन का ऐसा पड़ाव है, जहां मुझे महसूस हो रहा है कि मेरी मेहनत और संघर्ष सफल हो गए हैं।”

उन्होंने आगे कहा, ”इस गीत में मेरी टीम के डांसर भी दिखाई देंगे। यह बात मुझे ज्यादा खुशी देती है क्योंकि यह सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि पूरी टीम की उपलब्धि है। फीफा जैसे मंच ने पश्चिमी देशों और दुनिया के दूसरे हिस्सों में नए अवसरों के दरवाजे खोले हैं। मेरा सपना अब भी वही है कि भारतीय डांस को अपनी खास शैली के साथ दुनिया के हर कोने तक पहुंचाया जाए और लोगों को बताया जाए कि भारत की लय, ताल और कला किसी से कम नहीं है।”

राजित देव ने अपने मौजूदा कामों के बारे में भी बताया और कहा, “इस समय मैं कई बड़े म्यूजिक वीडियो पर काम कर रहा हूं। इसके अलावा, मैं मशहूर कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेंट के साथ भारत की एक बड़ी फिल्म में सहयोगी कोरियोग्राफर के रूप में भी जुड़ा हुआ हूं।”

Leave feedback about this

  • Service