May 4, 2026
Entertainment

प्रियंका चोपड़ा के साथ काम करने का मौका खो बैठे थे रजनीश दुग्गल, बोले-कभी नए कलाकार के साथ काम करने से मना नहीं करूंगा

Rajneesh Duggal, who missed the opportunity to work with Priyanka Chopra, said, “I will never refuse to work with a new artist.”

4 मई । अभिनेता रजनीश दुग्गल ने बातचीत में अपने करियर के शुरुआती दिनों का खास अनुभव साझा किया। उन्होंने उस किस्से के बारे में बताया, जिसमें उन्हें अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के साथ काम करने का मौका मिलने वाला था, लेकिन बाद में उन्हें फिल्म से बाहर कर दिया गया।

यह किस्सा मेरे करियर की शुरुआत के दिनों का है। उस समय मैं अभिनय सीख रहा था और इंडस्ट्री में बिल्कुल नया था। मुझे फिल्म ‘यकीन’ में काम करने के लिए चुना गया था। इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा मुख्य भूमिका में थीं। यह मेरे लिए खास मौका था।”

रजनीश दुग्गल ने कहा, ”उस दौर में प्रियंका चोपड़ा, सलमान खान और अक्षय कुमार जैसे बड़े कलाकारों के साथ फिल्में कर रही थीं। दूसरी तरफ मैं इंडस्ट्री में बिल्कुल नया था और अभिनय की ट्रेनिंग ले रहा था। मुझे याद है कि एक रात करीब दो बजे मेरे पास फोन आया। उस फोन कॉल में मुझे बताया गया कि फिल्म में एक प्रॉब्लम आ गई है। बाद में कहा गया कि प्रियंका चोपड़ा किसी नए कलाकार के साथ काम नहीं करना चाहती हैं।”

हालांकि रजनीश ने यह भी साफ किया कि उन्हें आज तक यह नहीं पता कि यह फैसला खुद प्रियंका चोपड़ा का था, उनके मैनेजर का था या फिल्म से जुड़े किसी दूसरे लोगों का। उन्होंने कहा, ”मैं किसी पर आरोप नहीं लगाना चाहता, लेकिन उस समय मुझे यही बताया गया था। उस वक्त मैं कैमरे का सामना भी ठीक से करना नहीं जानता था। ऐसे में यह घटना मेरे लिए काफी बड़ा झटका थी।”

रजनीश दुग्गल ने कहा, ”यह अनुभव मेरे जीवन का एक ऐसा पल था, जिसे मैं आज भी नहीं भूला हूं। इसके बाद मेरे साथ कभी ऐसा नहीं हुआ। फिल्म इंडस्ट्री में नए कलाकारों को अक्सर खुद को साबित करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और कई बार ऐसे मुश्किल हालात का सामना भी करना पड़ता है।”

इस घटना से मिली सीख पर रजनीश ने कहा, ”उस पल के बाद मैंने फैसला किया कि मैं कभी किसी नए कलाकार के साथ काम करने से मना नहीं करूंगा। मेरा मानना है कि हर बड़े कलाकार ने कभी न कभी नए कलाकार के रूप में ही शुरुआत की होती है। इसलिए नए लोगों को मौका मिलना बेहद जरूरी है।”

Leave feedback about this

  • Service