N1Live Entertainment पोते हृदान के 18वें जन्मदिन पर भावुक हुए राकेश रोशन, बताया ‘फेवरेट यंग मैन’
Entertainment

पोते हृदान के 18वें जन्मदिन पर भावुक हुए राकेश रोशन, बताया ‘फेवरेट यंग मैन’

Rakesh Roshan gets emotional on grandson Hridaan's 18th birthday, calls him his 'favourite young man'

2 मई । फिल्ममेकर राकेश रोशन ने अपने पोते हृदान रोशन के 18वें जन्मदिन पर खास अंदाज में बधाई दी। शुक्रवार को हृदान के 18 साल के होने पर राकेश रोशन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक नोट शेयर किया और उन्हें अपना ‘फेवरेट यंग मैन’ बताया।

राकेश रोशन ने इंस्टाग्राम पर हृदान के साथ एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें दोनों साथ नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के साथ उन्होंने सरल लेकिन दिल छू लेने वाला कैप्शन लिखा, “और देखते ही देखते वो 18 साल का हो गया! मेरे पसंदीदा युवा हृदान रोशन को जन्मदिन की शुभकामनाएं।”

हृदान, अभिनेता ऋतिक रोशन और उनकी पूर्व पत्नी सुजैन खान के छोटे बेटे हैं। बता दें कि ऋतिक और सुजैन की शादी साल 2000 में हुई थी। उनके बड़े बेटे ह्रिहान का जन्म 2006 में और छोटे बेटे हृदान का जन्म 2008 में हुआ। हालांकि, यह कपल दिसंबर 2013 में अलग हो गया और नवंबर 2014 में उनका तलाक पूरा भी हो गया।

निजी जीवन की बात करें तो ऋतिक रोशन इन दिनों अभिनेत्री सबा आजाद को डेट कर रहे हैं जबकि सुजैन खान साल 2022 से अभिनेता और मॉडल अरसलान गोनी के साथ रिश्ते में हैं।

राकेश रोशन के फिल्मी करियर की बात करें तो उन्होंने 1970 और 1980 के दशक में करीब 84 फिल्मों में अभिनय किया। एक निर्देशक के तौर पर उनकी चर्चित फिल्मों में खुदगर्ज़, खून भरी मांग, किशन कन्हैया, करण अर्जुन, कहो ना प्यार है, कोई मिल गया और कृष शामिल हैं।

वहीं, ऋतिक रोशन अब अपने करियर में एक नया कदम बढ़ाने जा रहे हैं। वह फिल्म कृष 4 के जरिए निर्देशन में डेब्यू करने जा रहे हैं। इस फिल्म का निर्माण यश राज फिल्म्स और राकेश रोशन मिलकर कर रहे हैं। खास बात यह है कि ऋतिक इस फिल्म में निर्देशन के साथ-साथ अभिनय भी करेंगे।

इसके अलावा, ऋतिक ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी बतौर प्रोड्यूसर डेब्यू करने जा रहे हैं। उनकी आने वाली थ्रिलर सीरीज ‘स्टॉर्म’ मुंबई पर आधारित होगी, जिसका निर्माण जल्द शुरू होने वाला है। इस प्रोजेक्ट को मशहूर निर्देशक अजीतपाल सिंह ने बनाया और निर्देशित किया है, जिन्होंने ‘टब्बर’ जैसी चर्चित सीरीज भी बनाई थी।

Exit mobile version