April 22, 2026
National

रांची: जमीन कारोबारी की हत्या का आरोपी शूटर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली

Ranchi: Shooter accused of killing land dealer arrested after encounter, shot in both legs

22 अप्रैल । झारखंड की राजधानी रांची में जमीन कारोबारी भार्गव सिंह की हत्या के आरोपी शूटर सत्यम पाठक और पुलिस के बीच बुधवार सुबह मुठभेड़ हो गई। पंडरा ओपी क्षेत्र के कांके डैम के पास हुई इस पुलिसिया कार्रवाई में सत्यम पाठक के दोनों पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

रांची में मंगलवार को ओटीसी मैदान के पास भार्गव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सत्यम पाठक को हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि वारदात में प्रयुक्त हथियार उसने कांके डैम के पास छिपाकर रखा है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह जब एक टीम उसे लेकर हथियार बरामद करने पहुंची तो उसने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोलियां चलाईं, जो अपराधी के पैरों में लगीं। सत्यम पाठक रांची पुलिस की हिट लिस्ट में शामिल एक कुख्यात अपराधी है।

पुलिस के अनुसार, वह धुर्वा के पूर्व पार्षद और भाजपा नेता वेद प्रकाश सिंह की हत्या में भी शामिल था।

बता दें कि 7 जुलाई 2024 को धुर्वा बस स्टैंड के पास वेद प्रकाश सिंह को अपराधियों ने गोली मारी थी, जिनकी बाद में एम्स दिल्ली में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। सत्यम पाठक उसी हत्याकांड का मुख्य आरोपी है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मंगलवार को हुई भार्गव सिंह की हत्या का मुख्य साजिशकर्ता विजय टेटे है।

पुलिस ने उसे वारदात के दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया था। विजय ने ही भार्गव सिंह की हत्या के लिए सत्यम पाठक को बतौर शूटर हायर किया था।

Leave feedback about this

  • Service