June 8, 2026
Entertainment

‘मां को तकलीफ न हो इसलिए कभी जिद नहीं की’, रानी मुखर्जी ने सुनाया बचपन का किस्सा

Rani Mukerji recounts childhood anecdote: ‘I never insisted so as not to hurt my mother’

बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी को लोग उनकी दमदार अदाकारी और शानदार फिल्मों के लिए जानते हैं। हाल ही में उनका एक इंटरव्यू वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहती नजर आ रही हैं कि छोटी उम्र से ही उनके मन में एक ही इच्छा थी कि वह जिंदगी में कुछ बड़ा करें और अपने माता-पिता को दुनिया की हर खुशी दें।

मशहूर टेलीविजन होस्ट सिमी ग्रेवाल के चर्चित शो ‘रेंडेजवस विद सिमी ग्रेवाल’ में बातचीत के दौरान रानी मुखर्जी ने अपने बचपन की कई यादें साझा कीं। जब उनसे पूछा गया कि वह बड़ी होकर क्या बनना चाहती थीं तो रानी ने कहा, ”मैं हमेशा से जीवन में कुछ बड़ा करना चाहती थी। मेरे अंदर यह बात थी कि मैं अपने माता-पिता को सच में खुश करना चाहती थी। जब मैं किसी दुकान पर जाती थी तो कई चीजें मैं खरीदना चाहती थीं तो मन में ख्याल आता था कि एक दिन मैं इतनी सफल बनूं कि जो चाहे खरीद सकूं और अपने माता-पिता की हर इच्छा पूरी कर सकूं।”

रानी मुखर्जी ने बातचीत के दौरान बताया, “बचपन में अगर मुझे किसी चीज की इच्छा होती थी, लेकिन मुझे लगता था कि मेरी मां वह चीज नहीं खरीद पाएंगी, तो मैं कभी जिद नहीं करती थी। मैं अपनी मां को किसी भी तरह की परेशानी में नहीं डालना चाहती थी। मैं मन ही मन सोचती थी कि जब बड़ी होंगी तो कुछ ऐसा करूंगी जिससे मेरे माता-पिता को किसी बात की चिंता न रहे और उन्हें दुनिया की सबसे अच्छी चीजें मिल सकें।”

उन्होंने आगे कहा, ”मैं बचपन से ही अपनी उम्र के बच्चों की तुलना में ज्यादा समझदार थी। जहां अधिकतर बच्चे अपनी इच्छाओं और जरूरतों के बारे में सोचते हैं, वहीं मैं अपने परिवार की परिस्थितियों और माता-पिता की भावनाओं को समझने लगी थी। मेरे सपनों में भी परिवार की खुशियां सबसे पहले आती थीं।”

बता दें कि रानी मुखर्जी का जन्म 21 मार्च 1978 को मुंबई में एक फिल्मी परिवार में हुआ था। उनके पिता राम मुखर्जी फिल्म निर्देशक थे, जबकि उनकी मां कृष्णा मुखर्जी पार्श्व गायिका रह चुकी हैं। फिल्मी माहौल में पली-बढ़ी रानी ने कम उम्र में ही अभिनय की दुनिया की ओर कदम बढ़ाया। अपने करियर में रानी ने ‘कुछ कुछ होता है’, ‘साथिया’, ‘हम तुम’, ‘ब्लैक’, ‘मर्दानी’ समेत कई अन्य सफल फिल्मों में काम किया। उनकी अदाकारी को दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने सराहा। आज वह बॉलीवुड की सबसे प्रतिभाशाली अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं।

Leave feedback about this

  • Service