23 मार्च । आदित्य धर के निर्देशन में बनी स्पाई थ्रिलर एक्शन फिल्म ‘धुरंधर-द रिवेंज’ सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही है। दर्शकों ने फिल्म की कहानी और किरदारों को खूब पसंद किया है।
इस फिल्म की खास बात ये है कि इसके हर एक किरदार की अपनी अलग मजबूत कहानी है, जिसकी वजह से दर्शक इसे खूब सराह रहे हैं। अगर आपने यह फिल्म देखी है, तो आपको उजैर बलोच का किरदार तो जरूर याद होगा, जिसको दानिश पंडोर ने बखूबी से पर्दे पर उतारा है।
उजैर एक ऐसा गैंगस्टर है, जो बाहर से शांत और सादा दिखता है लेकिन अंदर से बहुत खतरनाक, चालाक और स्मार्ट होता है। वह कराची के अंडरवर्ल्ड में हमजा (रणवीर सिंह) का सबसे करीबी और भरोसेमंद साथी होता है। दोनों मिलकर बड़े-बड़े प्लान बनाते हैं और खतरनाक कामों को अंजाम देते हैं।
दानिश और रणवीर के बीच ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री काफी जबरदस्त देखने को मिली थी। वहीं, ऑफ स्क्रीन भी दोनों एक-दूसरे का आदर करते हैं। इसका जीता-जागता उदाहरण दानिश पंडोर का इंस्टाग्राम पोस्ट है। उन्होंने अपनी इस पोस्ट में रणवीर की तारीफ करने के साथ उनके साथ काम करने के अनुभव को भी शेयर किया।
दानिश लिखते हैं, “कहने को तो बहुत कुछ है लेकिन आज ज्यादा नहीं कहूंगा। पूरी दुनिया ने आपकी एक्टिंग और जादू को देख लिया है। मैं उन खुशकिस्मत लोगों में से हूं, जिन्होंने इसे करीब से महसूस किया। आप इस जमाने के सबसे शानदार एक्टर्स में से एक थे, हैं और हमेशा रहेंगे। आपने हमजा और जसकीरत जैसे किरदारों को जान दी, जो कभी नहीं भुलाई जा सकती। इस पूरी यात्रा में मेरे साथ खड़े रहने के लिए दिल से शुक्रिया। लव यू रणवीर सिंह भैया।”
‘धुरंधर: द रिवेंज’ में दानिश की परफॉर्मेंस को काफी सराहा गया और यही फिल्म उनके करियर का बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई। दानिश की यह पोस्ट फैंस समेत कई इंडस्ट्री के दोस्तों को भी पसंद आई वे कमेंट सेक्शन पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया देते नहीं थक रहे हैं।

