N1Live Entertainment रश्मिका मंदाना ने पूरा किया फिल्म ‘माइसा’ का लंबा शेड्यूल, टीम के लिए लिखा इमोशनल नोट
Entertainment

रश्मिका मंदाना ने पूरा किया फिल्म ‘माइसा’ का लंबा शेड्यूल, टीम के लिए लिखा इमोशनल नोट

Rashmika Mandanna wraps up a long schedule of 'Maisa', pens an emotional note for the team

7 मई । अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने मंगलवार को अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘माइसा’ का केरल शेड्यूल पूरा कर लिया। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम के जरिए इस बात की जानकारी दी।

उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर फिल्म की टीम के साथ एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह अपनी पूरी टीम के साथ मुस्कुराते हुए पोज दे रही हैं। वीडियो में सेट की थकान के बावजूद पूरी टीम के चेहरे पर काम पूरा होने की खुशी साफ देखी जा सकती है।

रश्मिका ने टीम का आभार व्यक्त करते हुए लिखा, “दोस्तों, एक छोटा सा अपडेट यह है कि हमने केरल में माइसा का एक लंबा शेड्यूल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। ये कुछ प्यारे लोग हैं, जिन्होंने बहुत मेहनत की और इस प्रोजेक्ट को मुमकिन बनाया। आप सभी का तहे दिल से शुक्रिया। मैं जल्द ही दोबारा सेट पर वापसी करूंगी।”

फिल्म ‘माइसा’ में रश्मिका का किरदार उनके पिछले किरदारों से काफी अलग और चुनौतीपूर्ण होने वाला है। केरल की खूबसूरत लोकेशन्स पर इस फिल्म के कई अहम सीन फिल्माए गए हैं। रश्मिका ने निर्देशक रविंद्र पुल्ले और प्रोडक्शन हाउस ‘अनफॉर्मूला फिल्म्स’ को भी इस बेहतरीन अनुभव के लिए टैग किया है।

‘माइसा’ एक एक्शन थ्रिलर फिल्म है। इसमें रश्मिका मंदाना गोंड जनजाति की महिला का किरदार निभा रही हैं। इस फिल्म का निर्देशन राविंद्र पुल्ले कर रहे हैं। वहीं अजय और अनिल सैय्यापुरेड्डी ने अपने बैनर अनफॉर्मूला फिल्म्स के तहत इसे प्रोड्यूस किया है। ‘माइसा’ हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषा में रिलीज होगी। फिलहाल फिल्म की रिलीज तारीख सामने नहीं आई है।

अभिनेत्री इसके अलावा, शाहिद और कृति सेनन के साथ फिल्म ‘कॉकटेल-2’ में नजर आएंगी। यह फिल्म 2012 की सुपरहिट फिल्म ‘कॉकटेल’ का सीक्वल है, जो 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

होमी अदजानिया द्वारा निर्देशित इस फिल्म की कहानी आधुनिक रिश्तों, भावनाओं और प्रेम त्रिकोण पर आधारित है।

Exit mobile version