June 17, 2026
Entertainment

लावारिस कुत्तों के मुद्दे पर रवीना टंडन ने की अपील, इंसानियत और दया दिखाए पंजाब सरकार

Raveena Tandon appeals to the Punjab government to show humanity and compassion on the issue of stray dogs.

देश के कई राज्यों में इन दिनों लावारिस कुत्तों का मुद्दा लगातार चर्चा में बना हुआ है। इसी बीच पंजाब सरकार की उस प्लान ने बहस को और तेज कर दिया, जिसमें सड़कों पर घूमने वाले कुत्तों को हटाकर शेल्टर में भेजने और खतरनाक माने जाने वाले कुत्तों को दर्दरहित मृत्यु दी जाने की बात कही गई है। इस पूरे मामले पर अब बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

अभिनेत्री ने सीएम भगवंत मान से भावुक अपील करते हुए कहा कि इस मामले को इंसानियत और दया के साथ संभाला जाना चाहिए।

रवीना टंडन ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, ”सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले को लेकर पूरे देश में चर्चा हो रही है। लोगों की सुरक्षा बेहद जरूरी है, लेकिन इस फैसले को लागू करते समय दया और संतुलन बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है। जानवरों के साथ ऐसा व्यवहार होना चाहिए, जिसमें इंसानियत नजर आए।”

अभिनेत्री ने अपने पोस्ट में कई ऐसे उपायों का भी जिक्र किया, जिनसे इस समस्या का हल निकाला जा सकता है। उन्होंने कहा, ”लावारिस कुत्तों की नसबंदी, टीकाकरण, सही देखभाल और उन्हें सुरक्षित शेल्टर में रखने जैसे कदम इंसानों और जानवरों दोनों के लिए बेहतर साबित हो सकते हैं। सिर्फ सख्ती से समस्या खत्म नहीं होगी, बल्कि समझदारी और संवेदनशीलता के साथ कदम उठाने की जरूरत है।”

रवीना ने कहा, ”अगर सरकार, पशु कल्याण संस्थाएं और विशेषज्ञ मिलकर काम करें, तो इस संवेदनशील मुद्दे को बेहतर तरीके से संभाला जा सकता है। पंजाब इस मामले में जिम्मेदारी और दयालुता दोनों दिखा सकता है।” पोस्ट के आखिर में रवीना टंडन ने लिखा, ”समाज की पहचान इस बात से होती है कि वह बेजुबान जीवों के साथ कैसा व्यवहार करता है।”

पंजाब सरकार के इस प्लान को लेकर सोशल मीडिया पर लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे है। कुछ लोग सरकार के फैसले का समर्थन कर रहे हैं, तो कुछ लोग जानवरों के अधिकारों की बात कर रहे हैं। रवीना से पहले अभिनेत्री सोनम बाजवा ने भी पंजाब के मुख्यमंत्री से इसी मुद्दे पर अपील की थी। उन्होंने भी जानवरों के साथ दया दिखाने की बात कही थी।

Leave feedback about this

  • Service