June 11, 2026
Entertainment

‘काला हिरण’ की रिलीज डेट बदली, अब तय समय से पहले आएगी ‘सलमान विवाद’ वाली फिल्म

Release date of ‘Kala Hiren’ changed; the film linked to the ‘Salman controversy’ will now arrive ahead of schedule.

फिल्म ‘काला हिरण’ की रिलीज डेट में बदलाव कर दिया गया है। फिल्म पहले 20 जून को रिलीज होने वाली थी, जिसे अब 12 जून कर दिया गया है। निर्माता अमित जानी ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि फिल्म जल्द ही दर्शकों के सामने आएगी। जानी फायरफॉक्स फिल्म्स के बैनर वाली यह फिल्म 1998 के चर्चित काला हिरण शिकार मामले और बिश्नोई समुदाय के संघर्ष पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म का फर्स्ट लुक हाल ही में जारी किया गया है, जिसमें अपराध, रोमांच और न्याय की लड़ाई दिखाई गई है। फिल्म का निर्देशन भरत एस. श्रीनाते कर रहे हैं।

फिल्म रिलीज से पहले ही सुर्खियों में आ चुकी है। फिल्म में कथित तौर पर सलमान खान और बिश्नोई समाज से जुड़े विवाद को दिखाए जाने की चर्चा के बाद सलमान खान की लीगल टीम ने फिल्म निर्माताओं को नोटिस भेज दिया था। नोटिस में कहा गया है कि फिल्म उनके व्यक्तिगत अधिकारों और छवि को प्रभावित कर सकती है। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया कि काला हिरण शिकार का मामला अभी राजस्थान हाईकोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए फिल्म बनाना और उसका प्रचार कानूनी रूप से संवेदनशील है।

निर्माता अमित जानी ने आईएएनएस से बात करते हुए नोटिस पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने दावा किया कि नोटिस मिलने के बाद पिछले 36 घंटों में उन्हें हजारों धमकी भरे मैसेज, फोन कॉल और सोशल मीडिया पर दबाव झेलना पड़ा है। अमित जानी ने कहा, “अगर सलमान खान कानूनी लड़ाई लड़ना चाहते हैं तो कानून के दायरे में रहकर लड़ें, धमकियां भिजवाने की जरूरत नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा कि फिल्म बिश्नोई समुदाय के संकल्प और 1998 के ऐतिहासिक संघर्ष की कहानी है। फिल्म को लेकर विवाद बढ़ने के बावजूद निर्माता इसे रिलीज करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Leave feedback about this

  • Service