August 19, 2026
National

तमिलनाडु सीएम विजय के बेटे जेसन संजय की ‘सिग्मा’ की रिलीज डेट बदली, अब इस दिन दुनियाभर में होगी रिलीज

Release date of ‘Sigma’—starring Tamil Nadu CM Vijay’s son Jason Sanjay—changed; it will now be released worldwide on this date.

निर्देशक जेसन संजय की बहुप्रतीक्षित तमिल फिल्म ‘सिग्मा’ की रिलीज डेट सामने आ गई है। इस फिल्म को अब दुनियाभर के सिनेमाघरों में 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज किया जाएगा। फिल्म के निर्माताओं ने मंगलवार को सोशल मीडिया के जरिए इसकी आधिकारिक घोषणा की। पहले यह फिल्म 31 जुलाई को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई है।

फिल्म में अभिनेता संदीप किशन मुख्य किरदार में है। फिल्म का निर्माण लाइका प्रोडक्शंस कर रहा है। प्रोडक्शन हाउस ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर रिलीज डेट की जानकारी देते हुए लिखा, ”2 अक्टूबर को डकैती के लिए तारीख याद रखें। ‘सिग्मा’ सिनेमाघरों में धूम मचाने के लिए तैयार है।”

बता दें कि इससे पहले फिल्म की रिलीज 31 जुलाई 2026 तय की गई थी। जुलाई में ही संदीप किशन ने सोशल मीडिया पर बताया था कि उन्होंने फिल्म में अपने हिस्से की डबिंग पूरी कर ली है। उस समय उन्होंने लिखा था कि ‘सिग्मा’ के लिए उनकी डबिंग पूरी हो गई है और फिल्म 31 जुलाई को रिलीज होगी। हालांकि, बाद में निर्माताओं ने रिलीज को आगे बढ़ाने का फैसला किया।

फिल्म की शूटिंग पिछले साल दिसंबर में पूरी हो गई थी। उस समय लाइका प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया पर फिल्म की शूटिंग पूरी होने की घोषणा की थी। प्रोडक्शन हाउस ने फिल्म की शूटिंग खत्म होने के बाद बीटीएस पल भी साझा किए थे, जिनमें पूरी टीम फिल्म की शूटिंग पूरी होने की खुशी मनाती नजर आई थी।

‘सिग्मा’ को लेकर दर्शकों में खास उत्सुकता की एक बड़ी वजह इसके निर्देशक जेसन संजय हैं। यह फिल्म जेसन संजय के निर्देशन में पहली फिल्म है। वह तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और मशहूर अभिनेता विजय के बेटे हैं। ऐसे में उनके निर्देशन में बनने वाली पहली फिल्म पर शुरुआत से ही लोगों की नजर बनी हुई है।

फिल्म में अभिनेत्री कैथरीन ट्रेसा भी नजर आएंगी। बताया जा रहा है कि वह संदीप किशन के साथ एक खास गाने में डांस करती दिखाई देंगी। फिल्म की कहानी एक ऐसे मुख्य किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने नियमों के मुताबिक जिंदगी जीता है। फिल्म में डकैती, खजाने की तलाश, रहस्य, रोमांच और हास्य का मिश्रण देखने को मिलेगा।

‘सिग्मा’ को तमिल और तेलुगु में एक साथ शूट किया गया है। फिल्म की शूटिंग चेन्नई और सेलम जैसे जगहों पर की गई है।

Leave feedback about this

  • Service