June 10, 2026
Entertainment

नाम, आवाज और ट्रेडमार्क के दुरुपयोग पर रेसुल पुकुट्टी ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

Resul Pookutty warns of legal action over misuse of name, voice, and trademark.

ऑस्कर विजेता साउंड डिजाइनर रेसुल पुकुट्टी ने मंगलवार को एक सार्वजनिक नोटिस जारी किया। इसमें उन्होंने उन सभी व्यक्तियों और संस्थाओं को चेतावनी दी, जो बिना अनुमति उनके नाम, ट्रेडमार्क, तस्वीरों, वीडियो, आवाज या उनसे संबंधित अन्य प्रॉपर्टी का इस्तेमाल कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग और संगठन उनके साथ संबंध होने का झूठा दावा करके इन कंटेंट्स का व्यावसायिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। रेसुल पुकुट्टी ने ऐसे सभी लोगों से तुरंत इन गतिविधियों को बंद करने के लिए कहा है। साथ ही चेतावनी दी है कि नोटिस का पालन नहीं करने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रेसुल पुकुट्टी ने अपने वकील की ओर से जारी नोटिस को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लोगों से इसका संज्ञान लेने और निर्देशों का पालन करने की अपील की। वकील ने नोटिस में कहा कि ‘रेसुल पुकुट्टी’, ‘कैनरीज पोस्ट साउंड’ और ‘रेसुल पुकुट्टी फाउंडेशन’ नाम उनके आधिकारिक ट्रेडमार्क हैं। इनसे जुड़े ट्रेडमार्क आवेदन संबंधित श्रेणियों में दर्ज किए गए हैं।

वकील ने कहा कि रेसुल पुकुट्टी के संज्ञान में आया है कि कुछ व्यक्ति, संस्थाएं, कंपनियां, संगठन, वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म बिना अनुमति उनके नाम, ट्रेडमार्क, तस्वीरों, वीडियो, आवाज, पहचान और अन्य का इस्तेमाल कर रहे हैं।

नोटिस के अनुसार, ये लोग रेसुल पुकुट्टी से जुड़े होने का झूठा दावा कर रहे हैं और उनके कंटेंट का व्यावसायिक लाभ के लिए उपयोग कर रहे हैं। इससे जनता गुमराह हो रही है और उनकी प्रतिष्ठा और साख को नुकसान पहुंच रहा है।

नोटिस में ऐसी सभी गतिविधियों को तुरंत बंद करने की मांग की गई है। साथ ही रेसुल पुकुट्टी के नाम, पहचान या कंटेंट के जरिए किए जा रहे किसी भी प्रकार के व्यावसायिक उपयोग और कमाई (मॉनेटाइजेशन) को भी तत्काल रोकने को कहा गया है।

नोटिस में वकील ने कहा कि इसमें एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से तैयार कंटेंट, डीपफेक वीडियो, मॉर्फ की गई तस्वीरें, एआई से बनाई गई आवाज, सिंथेटिक मीडिया, कंप्यूटर जनरेटेड इमेज, वर्चुअल अवतार और अन्य डिजिटल रूप से तैयार या बदले गए कंटेंट भी शामिल हैं।

वकील ने कहा कि ऐसा कोई भी कंटेंट, जिससे रेसुल पुकुट्टी के साथ संबंध, समर्थन या प्रामाणिकता का गलत आभास पैदा हो या उनकी प्रतिष्ठा, साख, व्यक्तित्व अधिकारों और व्यावसायिक मूल्य को नुकसान पहुंचे, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वकील ने चेतावनी दी कि यदि नोटिस का पालन नहीं किया गया, तो रेसुल पुकुट्टी अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संबंधित अदालतों और सक्षम प्राधिकरणों के समक्ष सिविल, क्रिमिनल और अन्य कानूनी कार्रवाई शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।

Leave feedback about this

  • Service