June 25, 2026
Entertainment

रोहित सराफ ने ‘महाकाली’ पर जताया गर्व, लिखा- मेरे दिल के बेहद करीब

Rohit Saraf expressed his pride on ‘Mahakali’, wrote – close to my heart

अभिनेता रोहित सराफ बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘महाकाली’ को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। गुरुवार को अभिनेता ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की। अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें वे फिल्म के भव्य पोस्टर को निहारते नजर आ रहे हैं। उनके चेहरे पर फिल्म को लेकर गर्व और खुशी साफ देखी जा सकती है। उन्होंने लिखा, “मैं महाकाली की अद्भुत दुनिया का हिस्सा बनकर बेहद उत्साहित और गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। यह प्रोजेक्ट मेरे दिल के करीब है।”

रोहित की पोस्ट को काफी पसंद किया जा रहा है। फैंस समेत अभिनेता के इंडस्ट्री के दोस्त कमेंट सेक्शन में प्रतिक्रिया दे रहे हैं। रोहित की खास मित्र और अभिनेत्री आयशा अहमद ने लिखा, “चांद।” अभिनेता मिहिर आहूजा ने हार्ट इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी, तो मनीष मल्होत्रा ने लिखा, “भविष्य के लिए शुभकामनाएं।”

प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स की आगामी ‘महाकाली’ महिला-केंद्रित सुपरवूमेन फिल्म है, जिसमें भूमि शेट्टी मुख्य भूमिका में हैं। पूजा कोल्लुरु द्वारा निर्देशित यह फिल्म ‘हनु-मैन’ की दुनिया का अगला अध्याय है, जिसकी शूटिंग हैदराबाद में पूरी हो चुकी है। फिल्म में भूमि शेट्टी लीड रोल (महाकाली) में नजर आएंगी। वे एक शक्तिशाली महिला सुपरवूमेन का किरदार निभा रही हैं। हालांकि, रोहित भी फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे, लेकिन भूमिका के बारे में अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।

फिल्म में अक्षय खन्ना ‘शुक्राचार्य’ के रूप में नकारात्मक भूमिका के साथ तेलुगु में डेब्यू कर रहे हैं। उनके फर्स्ट लुक पहले ही लोगों में काफी दिलचस्पी जगा चुके हैं, क्योंकि वे देखने में बेहद दमदार और प्रभावशाली लग रहे हैं। यह फिल्म बड़े पैमाने पर तैयार की जा रही है, जिसे आर.के. डुग्गल और रिजवान रमेस डुग्गल, आर के डी स्टूडियोज के बैनर तले प्रोड्यूस किया जाएगा।

Leave feedback about this

  • Service