May 2, 2026
Entertainment

रोहित शेट्टी फायरिंग केस: 1624 पन्नों की चार्जशीट दाखिल, अब तक 15 आरोपी गिरफ्तार

Rohit Shetty firing case: 1624-page chargesheet filed, 15 accused arrested so far

फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को कोर्ट में 1624 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस मामले में अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण खुलासे हुए हैं, जिन्हें चार्जशीट में दर्ज किया गया है। वहीं, मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी प्रदीप कुमार उर्फ गाठ को 17 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। उत्तर प्रदेश एसटीएफ और मुंबई क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने आगरा से उसे पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद उसे मुंबई की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे क्राइम ब्रांच की कस्टडी में भेज दिया।

जांच में पता चला कि फायरिंग की घटना के समय प्रदीप कुमार उर्फ गाठ मौके पर मौजूद था। घटना के तुरंत बाद वह फरार हो गया था और मुंबई पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

बता दें कि इस घटना को 1 फरवरी को मुंबई के जुहू इलाके में रोहित शेट्टी के घर के बाहर अंजाम दिया गया था। इस फायरिंग ने पूरे फिल्म इंडस्ट्री में सनसनी फैल गई थी। शुरुआती जांच में इसे रंगदारी का मामला माना गया, लेकिन बाद में पुलिस को जानकारी मिली कि इस हमले के तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हो सकते हैं। इसके बाद पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए ऋतिक, सनी, दीपक, विष्णु, सनी और गोलू समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया।

मुंबई क्राइम ब्रांच लगातार इस मामले की जांच कर रही है और बाकी फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है। रोहित शेट्टी फायरिंग मामला फिलहाल मुंबई की विशेष अदालत में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि चार्जशीट दाखिल करने के बाद आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave feedback about this

  • Service