N1Live Entertainment अजय देवगन के बर्थडे पर रोहित शेट्टी का खास सरप्राइज, वीडियो में दिखी 30 साल पुरानी दोस्ती की झलक
Entertainment

अजय देवगन के बर्थडे पर रोहित शेट्टी का खास सरप्राइज, वीडियो में दिखी 30 साल पुरानी दोस्ती की झलक

Rohit Shetty's special surprise for Ajay Devgn on his birthday, a glimpse of their 30-year-old friendship seen in the video

3 अप्रैल । बॉलीवुड में कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं जो सिर्फ काम तक सीमित नहीं रहते, बल्कि समय के साथ एक मजबूत दोस्ती में बदल जाते हैं। ऐसा ही एक रिश्ता है सुपरस्टार अजय देवगन और मशहूर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के बीच। अजय देवगन के 57वें जन्मदिन के मौके पर रोहित शेट्टी ने एक खास अंदाज में उन्हें शुभकामनाएं दीं।

रोहित शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसे दो हिस्सों में बांटा गया था। इस वीडियो की शुरुआत उनके पुराने दिनों से होती है। इसमें फिल्म ‘राजू चाचा’ के सेट की झलक दिखाई गई है, जहां रोहित शेट्टी असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम कर रहे थे। वीडियो में वह अजय देवगन को सीन समझाते नजर आते हैं। उस समय अजय फिल्म के लीड एक्टर थे और उनके साथ काजोल और ऋषि कपूर भी फिल्म का हिस्सा थे।

वीडियो का दूसरा हिस्सा वर्तमान समय को दिखाता है, जहां रोहित और अजय एक सफल जोड़ी के रूप में नजर आते हैं। इसमें उनकी सुपरहिट फिल्मों ‘सिंघम’, ‘सूर्यवंशी’ और ‘गोलमाल’ के सेट की झलक दिखाई गई है। इन क्लिप्स में दोनों को साथ में काम करते हुए देखा जा सकता है।

रोहित शेट्टी ने इस वीडियो के साथ एक छोटा सा कैप्शन भी लिखा। उन्होंने लिखा, “90 के दशक की भागदौड़ से आज तक। कम शब्द, ज्यादा एक्शन। जन्मदिन मुबारक हो, बड़े भाई।”

जैकी श्रॉफ ने भी अजय देवगन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अजय की एक स्टाइलिश तस्वीर शेयर की, जिसमें वह ऑल-ब्लैक आउटफिट में नजर आ रहे हैं। जैकी ने अपने पोस्ट में सिर्फ ‘हैप्पी बर्थडे’ लिखा। साथ में हार्ट इमोजी का भी इस्तेमाल किया।

अगर रोहित शेट्टी और अजय देवगन की जोड़ी की बात करें, तो यह बॉलीवुड की सबसे सफल जोड़ियों में से एक मानी जाती है। दोनों पिछले 30 साल से साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कई ‘गोलमाल’ और ‘सिंघम’ जैसी सुपरहिट फिल्में दी हैं। इन फिल्मों ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की, बल्कि दर्शकों के दिलों में भी खास जगह बनाई। इसके अलावा अजय देवगन ने ‘सिम्बा’ में भी कैमियो किया था, जिसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में नजर आए थे

Exit mobile version