February 16, 2026
Entertainment

मुझसे मिलती-जुलती है ‘दो दीवाने शहर में’ की ‘रोशनी’ : मृणाल ठाकुर

Roshni from ‘Do Deewane Sheher Mein’ resembles me: Mrunal Thakur

15 फरवरी । एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर अपनी अपकमिंग रोमांटिक फिल्म ‘दो दीवाने शहर में’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। फिल्म में वह रोशनी के किरदार में नजर आएंगी। मृणाल ने बताया कि उनके रियल लाइफ और किरदार में काफी समानताएं हैं।

मृणाल ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि उनका किरदार रोशनी उनकी जिंदगी से काफी मिलती-जुलती है, खासकर कुछ खास बातों में।

मृणाल ने कहा, “जब निर्देशक रवि उदयवार सर ने नरेशन दिया, तो उन्होंने बहुत सुंदर बात कही, रोशनी हमेशा पर्दे के पीछे छिपने की कोशिश करती है। मेरी जिंदगी में भी ऐसे कई पल आए हैं, जहां मुझे जवाब पता होने के बावजूद मैं चुप रह जाती थी। यह बात मुझे रोशनी से सबसे ज्यादा जोड़ती है। कई लोगों में बाहर से दिखने वाला कॉन्फिडेंस अंदर से नहीं होता। वे बाहर से मजबूत लगते हैं, लेकिन अंदर से कमजोर महसूस करते हैं।”

उन्होंने आगे बताया कि यह फिल्म उनके लिए बेहद खास है क्योंकि रोशनी और शशांक (सिद्धांत चतुर्वेदी) जैसे कई लोग असल जिंदगी में अपनी इनसिक्योरिटी और सेल्फ-डाउट से जूझते हैं। उनके अंदर टैलेंट और काबिलियत होती है, लेकिन वे खुद को कम आंकते हैं, वे दूसरों से तुलना करते हैं या खुद को अच्छा नहीं मानते हैं। वे खुद को हमेशा औरों से पीछे रखते हैं।

मृणाल ने अपने और सिद्धांत के किरदार के बारे में हिंट देते हुए कहा, “हम गलतियां करने से डरते हैं, बेइज्जती होने से शर्माते हैं। लेकिन इस फिल्म में दोनों एक-दूसरे का साथ देते हैं और कई रुकावटों को तोड़ते हैं।”

‘सीता रामम’ फेम मृणाल ने अपने पिता का खास तौर पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनके पिता हमेशा उनके साथ खड़े रहे, चाहे कोई भी स्टेज हो। ठीक वैसे ही जैसे फिल्म में रोशनी, शशांक के साथ और शशांक, रोशनी के साथ खड़े रहते हैं। पिता ने उन्हें हमेशा यही सिखाया कि तुम ही वजह हो कि तुम आगे नहीं बढ़ पा रही हो, यानी खुद की सबसे बड़ी रुकावट तुम खुद हो।

अपकमिंग फिल्म दो ऐसे युवाओं की कहानी कहती है, जो मुंबई में खुद को स्वीकार करने और प्यार की तलाश में रहते हैं। यह एक इम्परफेक्ट लेकिन दिल को छूने वाली लव स्टोरी है।

‘दो दीवाने शहर में’ 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave feedback about this

  • Service