N1Live National सागर जहरीली शराब कांड: अस्पताल में 84 बीमार लोगों का इलाज जारी, 30 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
National

सागर जहरीली शराब कांड: अस्पताल में 84 बीमार लोगों का इलाज जारी, 30 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

Sagar Spurious Liquor Tragedy: Treatment of 84 sick individuals continues in hospital; cases registered against 30 accused.

मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से कई मौतों के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 30 से अधिक नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से 10 आरोपियों को हिरासत में भी लिया जा चुका है।

अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि बांदा तहसील में हुई इस घटना में लगभग 12 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, जहरीली शराब पीने के बाद 84 लोगों का इलाज चल रहा है। बीमार 84 लोगों में से 59 को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी), 17 को जिला अस्पताल और सात को बांदा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सोमवार सुबह उपमुख्यमंत्री और सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ला की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के दौरान बताया कि एक गंभीर रूप से बीमार मरीज को एयरलिफ्ट करके एम्स भोपाल भेजा गया।

राजेंद्र शुक्ला ने आईसीयू और सीसीयू वार्ड का दौरा भी किया, मरीजों से बातचीत की और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को अवैध शराब की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्देश दिया और सभी शराब की दुकानों के निरीक्षण, स्टॉक की जांच व अवैध शराब के कारोबार की विस्तृत जांच के आदेश दिए।

शुक्ला ने कहा, “लापरवाही बरतने या चूक के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव पूरे मामले पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।

शुरुआती जांच से पता चला है कि जहरीली शराब इलाके के बाहर बनाई गई थी और स्थानीय स्तर पर सप्लाई की गई थी। इसमें मेथनॉल की मिलावट पाई गई है। प्रशासन ने कहा कि प्रभावित मरीजों को जरूरी दवाएं, जांच की सुविधाएं और डायलिसिस प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

डॉक्टरों ने बताया कि अधिकतर मरीजों की हालत स्थिर है और इलाज के लिए आने वाले नए मरीजों की संख्या में कमी आई है। सागर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनुराग सुजानिया ने बताया कि बांदा पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता और मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम- 1915 की धाराओं के तहत 20 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

एसपी अनुराग सुजानिया ने बताया कि विनायक थाने में भी 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की विशेष टीमें बनाई गई हैं और संदिग्ध जगहों पर छापेमारी की जा रही है। 20 आरोपियों में से 10 को अब तक हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

Exit mobile version