June 26, 2026
Entertainment

साई पल्लवी और रणबीर कपूर ‘रामायण’ में अपने किरदारों के साथ पूरा न्याय करेंगे: दीपिका चिखलिया

Sai Pallavi and Ranbir Kapoor will do full justice to their roles in ‘Ramayan’: Dipika Chikhlia

रामानंद सागर की प्रसिद्ध शो ‘रामायण’ में माता सीता की भूमिका निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री दीपिका चिखलिया अपनी आने वाली फिल्म ‘तेरा मेरा नाता’ को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने निर्देशक नीतेश तिवारी की आने वाली फिल्म ‘रामायण’ को लेकर अपनी राय दी, जिसमें रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में दिखाई देंगे। दीपिका ने दोनों कलाकारों पर भरोसा जताते हुए कहा कि वे इस धार्मिक कहानी को अच्छे तरीके से पर्दे पर पेश करेंगे।

आईएएनएस से बात करते हुए दीपिका चिखलिया ने कहा, “मैंने साई पल्लवी और रणबीर कपूर दोनों के काम को देखा है और वे दोनों बहुत ही अच्छे कलाकार हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि वे दोनों अपने-अपने किरदारों के साथ न्याय करेंगे। रामायण को पर्दे पर दिखाना आसान नहीं होता, लेकिन अगर सही कलाकार हो, तो इसे बहुत खूबसूरती के साथ पेश किया जा सकता है। मुझे लगता है कि दोनों कलाकार इस जिम्मेदारी को समझते हैं और अपने प्रदर्शन से दर्शकों को प्रभावित करेंगे।”

साई पल्लवी और रणबीर कपूर को लेकर दीपिका चिखलिया ने कहा, ”साई पल्लवी के अभिनय में सादगी और गहराई दोनों हैं। वहीं रणबीर कपूर का अभिनय काफी प्रतिभाशाली है। वह हर भूमिका में खुद को ढाल लेते हैं। जब इतने मजबूत कलाकार किसी पौराणिक कहानी का हिस्सा बनते हैं, तो दर्शकों को एक अच्छा अनुभव मिलता है।”

रामायण की विरासत पर बात करते हुए दीपिका चिखलिया ने कहा, ”यह मेरे लिए बहुत सौभाग्य की बात है कि मुझे इस तरह के धार्मिक किरदार को निभाने का मौका मिला। जब मैंने माता सीता का किरदार निभाया था, तब मुझे अंदाजा नहीं था कि यह भूमिका मेरे जीवन का इतना बड़ा हिस्सा बन जाएगी। लोगों ने मुझे जो प्यार और सम्मान दिया है, वह मेरे लिए बेहद खास है।”

दीपिका ने कहा, ”आज भी कई लोग मुझे माता सीता के रूप में ही देखते हैं। कई बार लोग मेरे सामने झुककर मेरे पैर छू लेते हैं। शुरुआत में मुझे यह समझ नहीं आता था कि लोग ऐसा क्यों करते हैं, लेकिन धीरे-धीरे समझ आने लगा कि लोग यह सम्मान मुझे नहीं, बल्कि माता सीता के किरदार के प्रति अपनी श्रद्धा के कारण देते हैं।”

अपनी आने वाली फिल्म ‘तेरा मेरा नाता’ के बारे में बात करते हुए दीपिका चिखलिया ने कहा, “यह फिल्म पूरी मेहनत और दिल से बनाई गई है। इसमें हर कलाकार और तकनीकी टीम ने अपना बेस्ट देने की कोशिश की है। मैं चाहती हूं कि दर्शक इस फिल्म को अपने परिवार के साथ देखें और इसे प्यार दें।”

Leave feedback about this

  • Service