N1Live National आप के 7 सांसदों के भाजपा में आने पर साक्षी महाराज बोले, जब जागो तभी सवेरा
National

आप के 7 सांसदों के भाजपा में आने पर साक्षी महाराज बोले, जब जागो तभी सवेरा

Sakshi Maharaj said on the joining of 7 AAP MPs to BJP, when you wake up, only then the morning comes.

पश्चिम बंगाल की 142 विधानसभा सीटों पर दूसरे चरण के तहत 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि पहले चरण की तरह ही चुनाव का दूसरा चरण भी शांतिपूर्ण रहेगा। उन्होंने कहा, पहले चरण में हिंसा की कुछ खबरें आई, लेकिन बाकी सब सामान्य रहा, मुझे उम्मीद है कि दूसरा चरण भी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होगा और भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

उन्नाव में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सांसद ने कहा कि असम का चुनाव हम जीत रहे हैं और बंगाल चुनाव में भारी बहुमत से सरकार बना रहे हैं। बंगाल की जनता वोट डालने के लिए उत्साहित है।

आप के सात राज्यसभा सदस्यों के भाजपा में शामिल होने पर भाजपा सांसद ने कहा कि जब जागो तभी सवेरा। राघव चड्ढा ने खुद स्वीकार किया है कि वे गलत पार्टी में थे। अब वे अच्छी जगह पर आ गए हैं। भाजपा सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है। हम सबका कल्याण करने वाले लोग हैं।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर भाजपा सांसद ने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि अब मैं वही बात दोहराऊंगा गालिब की कि ‘दिल बहलाने के लिए गालिब ये ख्याल अच्छा है।’ वे बहुत लंबे समय, कई दशक तक भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश की सरकार से बेदखल करने का विचार रख सकते हैं, लेकिन इसका सवाल ही नहीं उठता।

उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर कहा कि वे सठिया गए हैं। उनके वक्तव्यों की उनके पार्टी के लोगों ने ही आलोचना की। बाद में वो भी सफाई देते रहे, लेकिन उसका कोई अर्थ नहीं है। सत्ता के अभाव में पूरी कांग्रेस और इंडी गठबंधन बौखला गया है।

गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन को लेकर साक्षी महाराज ने कहा कि पीएम मोदी का आभार जताना चाहता हूं। यूपी में गंगा एक्सप्रेसवे को श्रेय योगी आदित्यनाथ को जाता है। जनता को बहुत बड़ी सौगात मिलने वाली है।

भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि ब्रजभूषण शरण सिंह बहुत सुलझे हुए नेता हैं, लोकसभा में साथी रहे हैं। हम भी उनके यहां जाते हैं और वो भी हमारे यहां आते हैं। कोई बचकानी बात वो नहीं कर सकते हैं। उनकी बात को गंभीरता से लेना चाहिए। अगर उन्होंने कुछ भी कहा है, उसका गलत अर्थ न निकालकर, उसे गंभीरता से लेना चाहिए।

कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर भाजपा सांसद ने कहा कि यह बहुत पुराना बयान हो गया। यह कभी सबसे पहले मैंने मेरठ में दिया था और मेरे खिलाफ एफआईआर भी हुई थी। उन्होंने कहा कि जनसंख्या सुरसा की तरह बढ़ती चली जा रही है, इस पर कोई सख्त कानून बनना चाहिए, ‘हम दो हमारे दो’ और ‘उनके भी दो।’ साक्षी महाराज ने आशंका जताई कि अगर कानून नहीं बनता है तो संतुलन कहीं बिगड़ न जाए।

उन्होंने ये भी कहा कि जहां-जहां हिंदू घटा, वहां दंगे-फसाद हुए। इसलिए हिंदू राष्ट्र की वकालत करने वाले धीरेंद्र शास्त्री ने यह कहा है कि हिंदुओं को 4 बच्चे पैदा करना चाहिए। पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान पर भाजपा सांसद ने कहा कि वो अपनी चिंता करें। भाजपा की चिंता करने के लिए हम लोग पर्याप्त हैं। पीएम मोदी और अमित शाह का आशीर्वाद है, योगी का बुलडोजर चल रहा है तो उन्हें भाजपा की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

Exit mobile version