November 19, 2026
National

संभल : पदयात्रा के ऐलान के बाद पुलिस अलर्ट, विवादित स्थल पर आरआरएफ तैनात, सीसीटीवी से हो रही निगरानी

श्रीहरिहर मंदिर और शाही जामा मस्जिद विवाद को लेकर पदयात्रा निकालने के ऐलान के बाद संभल में पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। विवाद से जुड़े याचिकाकर्ता और मां कैलादेवी मंदिर के महंत ऋषिराज गिरी महाराज की ओर से पदयात्रा की घोषणा की गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

पदयात्रा के ऐलान को देखते हुए शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। खासतौर पर श्रीहरिहर मंदिर बनाम शाही जामा मस्जिद विवादित स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। यहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए रैपिड रिस्पांस फोर्स (आरआरएफ) के जवानों को भी मौके पर तैनात किया गया है।

पुलिस प्रशासन की ओर से शहर के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। इसके लिए शहर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय कर कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है। विशेष रूप से विवादित स्थल और उसके आसपास के इलाकों में आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और पुलिस बल की तैनाती की निगरानी के लिए चंदौसी के क्षेत्राधिकारी (सीओ) को भी मौके पर जिम्मेदारी सौंपी गई है।

दरअसल, महंत ऋषिराज गिरी महाराज ने 19 नवंबर को संभल में पदयात्रा निकालने का ऐलान किया है। हालांकि, पुलिस और प्रशासन की ओर से इस पदयात्रा को अनुमति नहीं दी गई है। इसके बावजूद पदयात्रा की घोषणा को देखते हुए प्रशासन किसी तरह की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं है। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या तनावपूर्ण स्थिति पैदा न हो।

पुलिस प्रशासन का पूरा जोर शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर है। इसके लिए लगातार निगरानी की जा रही है और संवेदनशील इलाकों में पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पदयात्रा के ऐलान को लेकर संभल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से पदयात्रा में शामिल न होने को कहा है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। कानून का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave feedback about this

  • Service