August 22, 2026
National

सतीश महाना ने किये बाबा विश्वनाथ के दर्शन, काशी की प्रसिद्ध कचौड़ी का भी लिया स्वाद

Satish Mahana paid obeisance to Baba Vishwanath and also savored Kashi’s famous Kachori.

उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शनिवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। बाबा विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेकने के बाद उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वाराणसी की प्रसिद्ध कचौड़ी का भी स्वाद लिया।

दर्शन के बाद आईएएनएस से बातचीत में सतीश महाना ने कहा कि काशी आना हमेशा ही सौभाग्य की बात है। काशी विश्वनाथ की धरती सबसे प्राचीन और समृद्ध है, जहां पर इतिहास है, संस्कृति है, सकारात्मकता है, जीवन जीने का एक तरीका है, जहां समर्पण और त्याग की शिक्षा मिलती है। यह नगरी मोक्षदायिनी है और यहां आकर मन को असीम शांति मिलती है।

उन्होंने कहा, “यह सौभाग्य की बात है कि बाबा काशी विश्वनाथ की कृपा और इच्छा से प्रधानमंत्री को इस देश और इस क्षेत्र की सेवा करने का अवसर मिला। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने एक नया रूप लिया है – आत्मनिर्भर, प्रगतिशील और मूल्यों व संस्कृति से समृद्ध, जहां स्नेह है, जहां सबका साथ और सबका विकास है।”

सतीश महाना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी को बाबा काशीनाथ की कृपा से एक नया स्वरूप देने का प्रयास किया है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनने के बाद से यहां श्रद्धालुओं की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है और प्रशासन द्वारा उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

महाना ने कहा, “आज लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं, उनकी सुविधा का ध्यान रखने का काम यहां के प्रशासनिक अधिकारी बहुत तत्परता के साथ करते हैं। यहां के एक छोटे से कर्मचारी से लेकर बड़े अधिकारी तक जिस तरीके से श्रद्धाभाव से यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करते हैं वो अद्वितीय है। बाबा विश्वनाथ की कृपा ऐसे ही हम सब पर बनी रहे और हम सब ऐसे ही यहां दर्शन करने के लिए आते रहे।”

Leave feedback about this

  • Service