June 24, 2026
National

कैबिनेट बैठक में एक कार से पहुंचे सिंधिया और सोनोवाल, कारपूलिंग से दिया ऊर्जा संरक्षण का संदेश

Scindia and Sonowal arrived at the cabinet meeting in a single car, sending a message of energy conservation through carpooling.

24 जून । केंद्रीय संचार व पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी व जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल बुधवार को नई दिल्ली में एक ही वाहन से कैबिनेट बैठक में पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचाने के आह्वान को ध्यान में रखते हुए इन दोनों वरिष्ठ मंत्रियों ने कारपूलिंग का विकल्प चुना।

कैबिनेट बैठक से पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और सर्वानंद सोनोवाल ने कार-पूलिंग के माध्यम से पेट्रोल-डीजल की बचत, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उनका यह कदम आम लोगों को संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और ईंधन बचत को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करने वाला है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी केंद्रीय मंत्री सिंधिया और राम मोहन नायडू ने कार पूलिंग कर संवेदनशीलता का संदेश दिया था। उस समय भी ज्योतिरादित्य सिंधिया कैबिनेट बैठक में हिस्सा लेने के लिए कारपूलिंग करके गए थे।

ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देशवासियों से ऊर्जा संरक्षण को जनआंदोलन बनाने व पेट्रोल-डीजल की प्रत्येक बूंद बचाने का आह्वान करते रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार इस बात की वकालत की है कि प्रत्येक नागरिक को ईंधन की बचत में योगदान देना चाहिए।

प्रधानमंत्री की यह अपील ऐसे समय में आई थी, जब पश्चिम एशिया संकट के कारण कच्चे तेल की कीमतें 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गईं और होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से संकट और बढ़ा था। पश्चिम एशिया में संघर्ष के समय उससे भारत के समक्ष उत्पन्न व्यापक चुनौतियों के विषय पर पीएम मोदी ने कहा था, “जब इस देश की हर सरकार और हर नागरिक एक साथ चलेंगे, तभी हम हर चुनौती का सामना कर सकते हैं। यही हमारी पहचान है और यही हमारी शक्ति है।”

उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन और कारपूलिंग का उपयोग करके आयातित ईंधन की खपत कम करके विदेशी मुद्रा भंडार को संरक्षित करने में मदद करने का आग्रह किया था। प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों से गैर-जरूरी खर्चों पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया था, जिसमें एक साल के लिए विदेश यात्रा से बचने की भी सलाह दी गई थी।

Leave feedback about this

  • Service