July 10, 2026
Entertainment

सीमा सजदेह ने बताया शो में आने से पहले सोहेल ने दी थी खास सलाह, बोले-‘किसी को खुद पर हावी मत होने देना’

Seema Sajdeh revealed that Sohail gave her a special piece of advice before she appeared on the show, telling her, “Don’t let anyone overpower you.”

10 जुलाई । फैशन डिजाइनर और एंटरप्रेन्योर सीमा सजदेह इन दिनों रियलिटी शो ‘द अलायंस’ को लेकर चर्चा में हैं। शो में कदम रखने से पहले सीमा ने अपनी तैयारियों, उत्सुकता और पूर्व पति अभिनेता-निर्माता सोहेल खान के साथ हुई बातचीत को लेकर कई बातें साझा की हैं। सीमा ने बताया कि सोहेल ने उन्हें शो में जाने से पहले जरूरी सलाह दी थी, जिसे वह हमेशा याद रखेंगी।

आईएएनएस से खास बातचीत में सीमा सजदेह ने कहा कि वह खुद भी यह देखने के लिए उत्साहित हैं कि रियलिटी शो में उनका प्रदर्शन कैसा रहता है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए भी एक नया अनुभव है, और वह खुद को इस नए सफर के लिए तैयार कर रही हैं।

सीमा ने कहा, ”मैं खुद भी यह जानने के लिए उत्सुक हूं कि मैं इस शो में कैसा प्रदर्शन करूंगी। रियलिटी शो में हर दिन नई परिस्थितियां सामने आती हैं और ऐसे माहौल में खुद को संभालना एक अलग तरह की चुनौती होती है।”

जब आईएएनएस ने सीमा से पूछा कि क्या शो में जाने से पहले सोहेल खान ने उन्हें कोई सलाह दी थी, तो उन्होंने बताया, ”हमारी बातचीत हुई थी। उन्होंने बस इतना कहा कि खुद जैसे हो, वैसे ही रहना। मैंने भी उनसे यही कहा कि आप भी खुद जैसे हैं, वैसे ही रहिए।”

इसके बाद सीमा ने मजाकिया अंदाज में बताया कि असल में सोहेल खान के लिए यह पहला रियलिटी शो है जबकि वह पहले भी ऐसे शोज का हिस्सा रह चुकी हैं। इसलिए सलाह देने की जरूरत तो उन्हें सोहेल को देनी चाहिए थी।

इसके बाद उन्होंने बताया कि सोहेल ने उन्हें एक खास सलाह जरूर दी थी। सोहेल ने कहा था- ‘चाहे कुछ भी हो जाए, किसी को खुद पर हावी मत होने देना।’

बता दें कि सीमा सजदेह और सोहेल खान ने कई सालों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद साल 1998 में शादी की थी। दोनों के दो बेटे हैं, जिनके नाम निर्वाण और योहान हैं। शादी के तकरीबन दो दशक के बाद सीमा और सोहेल ने अपने रास्ते अलग करने का फैसला किया था और साल 2022 में आधिकारिक रूप से तलाक ले लिया।

हालांकि, अलग होने के बाद भी सीमा और सोहेल के बीच अच्छा रिश्ता बना हुआ है। दोनों अपने बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी मिलकर निभा रहे हैं।

Leave feedback about this

  • Service