N1Live Sports निस्वार्थ सोच और मैदान के बाहर की दोस्ती ही प्रियांश के साथ साझेदारी की कुंजी है: प्रभसिमरन
Sports

निस्वार्थ सोच और मैदान के बाहर की दोस्ती ही प्रियांश के साथ साझेदारी की कुंजी है: प्रभसिमरन

Selfless thinking and off-field friendship are the keys to my partnership with Priyansh: Prabhsimran

 

नई दिल्ली, पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने प्रियांश आर्य के साथ अपनी सफल ओपनिंग साझेदारी का श्रेय एक निस्वार्थ रणनीतिक सोच और एक गहरी निजी दोस्ती को दिया है।

 

 

दाएं हाथ के बल्लेबाज प्रभसिमरन और बाएं हाथ के बल्लेबाज प्रियांश ने आईपीएल 2025 में बतौर ओपनिंग जोड़ी 532 रन बनाए थे। पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 के शुरुआती 2 मैच जीते हैं, जिसमें इन सलामी बल्लेबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा। दोनों बल्लेबाजों ने एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ 4.1 ओवरों में 61 रनों की तूफानी साझेदारी भी की।

 

प्रभसिमरन सिंह ने गुरुवार को एक वर्चुअल बातचीत में ‘आईएएनएस’ के एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, “असल में, हर मैच में यह जरूरी नहीं होता कि सिर्फ मेरे ही शॉट अच्छे लग रहे हों या सिर्फ वही (प्रियांश) शॉट लगा रहा हों। इसलिए, कभी-कभी, अगर मैं गेंद को अच्छे से हिट कर रहा होता हूं, तो वह मुझे एक रन देता है और हम स्ट्राइक रोटेट करते हैं, और फिर मैं बड़े शॉट लगाने की कोशिश करता हूं।”

 

उन्होंने कहा, “कभी-कभी, अगर मुझे बाउंड्री लगाने का मौका नहीं मिल रहा होता, जबकि उसे (प्रियांश को) रन बनाने के लिए बाउंड्री लगाने का मौका मिल रहा होता है, तो यह मेरी जिम्मेदारी होती है कि मैं उसे एक रन दूं और उसे गेंदबाजों पर शॉट लगाने का मौका दूं। तो, यह एक बहुत अच्छी बात है। मैदान के बाहर भी, हम साथ रहते हैं और बहुत बातें करते हैं। हम क्रिकेट के बारे में बहुत बातें करने की कोशिश करते हैं, लेकिन अगर हम क्रिकेट के बारे में बात नहीं भी करते, तो भी हम जिंदगी के बारे में बहुत बातें करते हैं।”

 

प्रभसिमरन ने आईपीएल 2025 में 30 छक्के लगाए थे, उस सीजन प्रभसिमरन सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों में पांचवें पायदान पर रहे थे। प्रभसिमरन ने अपने छक्के लगाने के कौशल में आए सुधार का श्रेय पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह के साथ नियमित अभ्यास सत्रों को दिया है।

 

उन्होंने कहा, “मैं हर चीज के लिए अभ्यास करता हूं। जैसा कि मैंने पहले कहा, मैंने युवराज पाजी के साथ अभ्यास किया और यह बहुत अच्छा रहा। जब आप अभ्यास करते हैं, तो आपको इसे अलग-अलग तरीकों से करना होता है। आपको छक्के मारने, लंबे समय तक खेलने, नई और पुरानी गेंदों का सामना करने का अभ्यास करना होता है, और आखिर में यह सब आपकी तकनीक पर ही निर्भर करता है।”

 

प्रभसिमरन हमेशा अपने साथी विकेटकीपर-बल्लेबाजों ऋषभ पंत, ईशान किशन, संजू सैमसन, केएल राहुल और ध्रुव जुरेल के साथ लगातार मुकाबले में रहते हैं। हालांकि, प्रभसिमरन ने कहा कि वह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी शैली पर कायम रहते हैं, लेकिन उन्होंने यह भी माना कि वह एमएस धोनी को देखकर विकेट के पीछे अपने कौशल को और बेहतर बना रहे हैं।

 

 

Exit mobile version