May 9, 2026
National

निशांत कुमार के बचाव में उतरे भाजपा के बड़े नेता, गिरिराज सिंह बोले- ‘तेजस्वी क्या ही परिवारवाद के आरोप लगाएंगे’

Senior BJP leaders came to Nishant Kumar’s defense, Giriraj Singh said, “Why would Tejashwi make allegations of nepotism?”

9 मई । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार के मंत्री निशांत कुमार पर ‘परिवारवाद’ के आरोपों को लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव को करारा जवाब दिया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी का निर्णय और जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए निशांत कुमार मंत्री बने हैं और तेजस्वी यादव का अपना परिवार भ्रष्टाचार के दलदल में फंसा है।

निशांत कुमार पर लगे आरोपों को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, “तेजस्वी यादव क्या ही परिवारवाद के आरोप लगाएंगे, जिनका पूरा परिवार भ्रष्टाचार के दलदल में फंसा हुआ है। वे नीतीश कुमार पर क्या आरोप लगा सकते हैं? नीतीश कुमार ने कभी भी भ्रष्टाचारियों को संरक्षण नहीं दिया और न ही अपराधियों का साथ दिया।”

बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने तेजस्वी यादव को जवाब देते हुए कहा, “यह वंशवादी राजनीति नहीं है। निशांत कुमार ने कभी राजनीति में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई है। इतने सालों से उनके पिता मुख्यमंत्री के रूप में सेवा कर रहे हैं, लेकिन उनका बेटा होने के बावजूद क्या आपने कभी उन्हें राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं पालते हुए या ऐसी गतिविधियों में शामिल होते हुए देखा है?”

उन्होंने कहा, “पार्टी का निर्णय और जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए निशांत कुमार मंत्री बने हैं। वे पढ़े-लिखे हैं और उन्हें स्वास्थ्य विभाग के रूप में एक बड़ी जिम्मेदारी मिली है। वे इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। हर गरीब तक स्वास्थ्य की सुविधा पहुंचाने का काम करेंगे।”

मंत्री दिलीप जायसवाल ने भी तेजस्वी यादव के आरोपों पर पलटवार किया है। जायसवाल ने कहा, “किसी के बारे में कुछ भी बोल देना ये नासमझी है। लगता है कि तेजस्वी यादव कभी निशांत कुमार से मिले नहीं है। मेरी 3-4 बार निशांत कुमार से मुलाकात हुई। मैंने बात की, उनका अपना एक व्यक्तिगत अनुभव है और वे गंभीरता के साथ बात करते हैं।”

वहीं, मंत्री लेसी सिंह ने कहा, “तेजस्वी यादव अपने खुद के अनुभव के आधार पर बोल रहे हैं। जरूर उनके विभाग को भी अधिकारी ही चला रहे होंगे। उनके पास कहने के लिए कुछ भी ठोस विषय नहीं है। इसलिए वे लगातार बे-मतलब के बयान देते रहते हैं।”

Leave feedback about this

  • Service