April 6, 2026
National

शाहनवाज हुसैन का दावा- पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत तय, टीएमसी पर लगाया लोगों को डराने का आरोप

Shahnawaz Hussain claims BJP is sure to win in West Bengal, accuses TMC of intimidating people

6 अप्रैल । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल अब ‘जंगल राज’ में बदल चुका है। न्यायिक अधिकारियों पर हमले किए जा रहे हैं। इससे साफ है कि चुनाव में टीएमसी जाने वाली है और भाजपा आने वाली है।

शाहनवाज हुसैन ने सोमवार को आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “हम सभी पांचों राज्यों में जीत हासिल करने जा रहे हैं। इस बार हम पश्चिम बंगाल में जबरदस्त जीत दर्ज करेंगे और असम में हम फिर से सरकार बनाएंगे। तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में हमारा प्रदर्शन बहुत अच्छा रहेगा, जहां हमें सरकार बनाने का पूरा भरोसा है।”

इसी बीच, पश्चिम बंगाल को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणियों पर शाहनवाज हुसैन ने कहा, “प्रधानमंत्री बिल्कुल सही हैं। पश्चिम बंगाल में जिस तरह का माहौल है, उससे पता चलता है कि टीएमसी डर दिखाकर और धमकियों के सहारे सत्ता में बनी हुई है। भारतीय जनता पार्टी लोगों का भरोसा जीतकर उन्हें अपने साथ लाना चाहती है।”

उन्होंने आगे कहा, “पश्चिम बंगाल अब ‘जंगल राज’ में बदल गया है। टीएमसी कार्यकर्ताओं, पुलिस और राज्य प्रशासन के बीच कथित तौर पर मिलीभगत है। न्यायिक अधिकारियों, चुनाव आयोग के अधिकारियों और यहां तक कि सीआरपीएफ जवानों पर भी हमले किए गए हैं। उनको पता है कि इस बार के चुनाव में टीएमसी जाने वाली है और भाजपा आने वाली है।”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की गुजरात के लोगों के बारे में कथित टिप्पणियों पर भी शाहनवाज ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुजरात के लोगों को अनपढ़ कहकर उनका अपमान किया है। यह एक गंभीर गलती है। गुजरात में किसी भी स्वाभिमानी कांग्रेस कार्यकर्ता को ऐसी टिप्पणियों के बाद पार्टी में नहीं रहना चाहिए। उन्हें कांग्रेस छोड़ देनी चाहिए। इसके बाद कांग्रेस गुजरात में अपना खाता भी नहीं खोल पाएगी।”

भाजपा के स्थापना दिवस पर प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर हमने पटना स्थित अपने आवास पर पार्टी का झंडा फहराया और सीतामढ़ी में भी स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पूरे देश में उत्सव का माहौल है। भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। हम कई राज्यों में सत्ता में हैं, और इस बार हम पश्चिम बंगाल में भी भाजपा का झंडा फहराएंगे। बंगाल के हर घर में कमल खिलेगा।

Leave feedback about this

  • Service