बॉलीवुड निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को लेकर अभिनेत्री शरवरी वाघ काफी चर्चाओं में हैं। वह फिल्म के प्रमोशन में काफी बिजी हैं। इस बीच, उन्होंने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में इम्तियाज अली के साथ काम करने का अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि इम्तियाज अली के साथ काम करना मेरे लिए सिर्फ एक फिल्म का हिस्सा बनना नहीं, बल्कि एक भावनात्मक सफर जैसा रहा।
आईएएनएस ने जब उनसे पूछा कि क्या इस फिल्म ने एक कलाकार के तौर पर उन्हें बदला है, तो उन्होंने कहा, ”हर अनुभव इंसान को कुछ नया सिखाता है, लेकिन इम्तियाज अली के साथ काम करना मेरे लिए बहुत खास रहा। इस फिल्म में मुझे एक ऐसे किरदार को निभाने का मौका मिला, जिसकी भावनाएं बेहद अलग हैं।”
शरवरी ने कहा, ”फिल्म की दुनिया आज की भागदौड़ वाली जिंदगी से काफी अलग दिखाई गई है। यहां प्यार को बहुत सादगी, मासूमियत और सच्चाई के साथ दिखाया गया है। आज के समय में जहां रिश्तों में जल्दी और दिखावा ज्यादा देखने को मिलता है, वहीं इस फिल्म में प्यार को बहुत नाजुक और दिल से जुड़ी भावना के रूप में दिखाया गया है। इस तरह की भावनाओं को निभाना मेरे लिए एक नया और खूबसूरत अनुभव था।”
अभिनेत्री ने आगे कहा, ”इम्तियाज अली कलाकारों को सिर्फ डायलॉग या सीन समझाकर काम नहीं करवाते। वह कलाकारों को किरदार की भावनाओं के अंदर लेकर जाते हैं। वह कलाकारों को यह महसूस कराते हैं कि उनका किरदार क्या सोच रहा है, क्या महसूस कर रहा है और उसकी जिंदगी में क्या चल रहा है। यही वजह है कि उनके साथ काम करने के बाद कलाकार खुद को उस किरदार के बेहद करीब महसूस करने लगते हैं।”
शरवरी ने कहा, ”मेरे जैसे कलाकारों के लिए यह अनुभव काफी मददगार रहा। मैं और वेदांग दोनों इस बात से सहमत हैं कि इम्तियाज अली ने हमें प्यार, इंतजार और अपनेपन जैसी भावनाओं को गहराई से समझने में मदद की। फिल्म में यह दिखाया गया है कि इंसान आखिर कहां खुद को सबसे ज्यादा जुड़ा हुआ महसूस करता है और उसके दिल में कौन-सी भावनाएं सबसे ज्यादा मायने रखती हैं।”
उन्होंने इम्तियाज अली की फिल्मों की खासियत पर बात करते हुए कहा, ”उनकी कहानियों में अक्सर ऐसे किरदार होते हैं, जो जिंदगी के एक अहम मोड़ से गुजर रहे होते हैं। यह वह समय होता है जब इंसान खुद को समझता है, रिश्तों को पहचानता है और दुनिया को नए नजरिए से देखना शुरू करता है। इस तरह के किरदार को निभाना मेरे लिए बेहद रोमांचक रहा, क्योंकि मुझे लगा जैसे मैं खुद भी जिंदगी के उन एहसासों को दोबारा जी रही हूं।”
अभिनेत्री ने कहा, ”मैंने इम्तियाज अली के साथ काम करने का हर पल खूब एंजॉय किया। निर्देशक की सबसे बड़ी खासियत यही है कि वह कलाकारों से दिल से जुड़ा अभिनय निकलवाते हैं।” फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

