October 5, 2026
National

होटल मालिक से 15 लाख रंगदारी मांगने के मामले में शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट का नगर सेवक गिरफ्तार

महाराष्ट्र के अकोला में अपने वार्ड के एक होटल व्यवसायी से कथित तौर पर रंगदारी मांगने के आरोप में एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना के नगरसेवक सागर भारूका को अकोला शहर के सिविल लाइन्स पुलिस ने रात में गिरफ्तार किया है। सागर पर होटल मालिक को धमकाकर 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है।

अकोला महानगर पालिका में सत्ताधारी भाजपा और सहयोगी दल शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट के बीच का विवाद अब खुलकर सामने आता दिखाई दे रहा है।

पुलिस के मुताबिक, नगरसेवक सागर भारूका पर 3 अक्टूबर की रात को बस स्टैंड क्षेत्र स्थित होटल मालिक और वहां काम करने वाले एक व्यक्ति के साथ गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप है। इसके साथ ही होटल मालिक से 15 लाख रुपये की मांग किए जाने की शिकायत भी पुलिस में दर्ज कराई गई है। इस मामले में सिविल लाइन्स पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सागर भारूका को गिरफ्तार किया है।

हालांकि, सागर भारूका ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने दावा है कि पुलिस राजनीतिक दबाव में काम कर रही है और बिना किसी जांच-पड़ताल के उनके खिलाफ झूठी कार्रवाई की गई है। भारूका ने कहा कि वह अपने परिवार के साथ इस होटल में खाना खाने गए थे लेकिन उन्होंने होटल मालिक से किसी भी तरह की रंगदारी नहीं मांगी। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।

इस बीच, नगर सेवक सागर भारूका पर लगे आरोप और पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी के बाद अकोला महानगर पालिका में सत्ताधारी भाजपा और सहयोगी दल शिवसेना के बीच राजनीतिक संबंध एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। मामले की आगे की जांच सिविल लाइन्स पुलिस द्वारा की जा रही है।

सागर भारुका का इससे पहले अकोला नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता विजय अग्रवाल से विवाद हुआ था। इस मामले में भी भारुका के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। सागर भारुका को सोमवार को अदालत में पेश किए जाने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिक गई हैं।

Leave feedback about this

  • Service