N1Live Entertainment ‘कल्याणी रीमिक्स’ को लेकर श्रेया घोषाल बोलीं-‘गाने की धुन ने तुरंत दिल को छू लिया’
Entertainment

‘कल्याणी रीमिक्स’ को लेकर श्रेया घोषाल बोलीं-‘गाने की धुन ने तुरंत दिल को छू लिया’

Shreya Ghoshal on 'Kalyani Remix': 'The song's melody instantly touched my heart.'

मशहूर गायिका श्रेया घोषाल का नया गाना ‘कल्याणी रीमिक्स’ काफी चर्चा में है। इस गाने को लेकर आईएएनएस संग बातचीत में श्रेया ने बताया कि किसी भी ऐसे गाने को सुनना हमेशा खास होता है, जो बिना किसी बनावटीपन के सीधे दिल से जुड़ता हो।

आईएएनएस से बात करते हुए श्रेया घोषाल ने कहा, ”गाने ‘कल्याणी रीमिक्स’ में सबसे पहले जो चीज मुझे प्रभावित करती है, वह इसकी भावनात्मक सच्चाई और इसकी खूबसूरत धुन है। गाने के संगीत ने तुरंत दिल छू लिया। यह गाना ऐसा है, जिसमें भावना और संगीत दोनों बहुत ईमानदारी से जुड़े हुए हैं, और यही इसे खास बनाता है।”

उन्होंने कहा, “यह देखना हमेशा उत्साहजनक होता है कि कोई गाना बिना किसी बड़े प्रचार के भी लोगों के दिलों तक पहुंच जाता है और उनसे जुड़ाव बना लेता है। ‘कल्याणी’ पहले ही एक मजबूत पहचान बना चुका था और इसके अपने श्रोता भी थे। ऐसे में यह जरूरी था कि मैं इस गाने की मूल आत्मा को बनाए रखूं और उसमें एक नई धुन शामिल करूं। इसमें हिंदी भाषा को शामिल करने के मेरे विचार को काफी पसंद किया गया।”

श्रेया ने कहा, ”मेरा मकसद इस रीमिक्स में गाने की मूल भावना को बरकरार रखते हुए इसे एक नया अनुभव देना था। मैं चाहती थी कि जो लोग पहले से इस गाने को पसंद करते हैं, उन्हें इसमें कुछ नया भी महसूस हो और नए श्रोता भी इससे जुड़ सकें। मुझे उम्मीद थी कि श्रोता इस नए वर्जन को भी उतना ही पसंद करेंगे जितना उन्होंने मूल गाने को पसंद किया था।”

इस गाने की लोकप्रियता के बाद इसके क्रिएटर्स एआरजेएन, केडीएस, आरओएनएन और फिफ्टी 4 ने मिलकर इसका नया रीमिक्स वर्जन तैयार किया है।

एआरजेएन ने बताया, “कल्याणी की सफलता हमारे लिए उम्मीद से कहीं ज्यादा रही। यह गाना सिर्फ एक म्यूजिक प्रोजेक्ट नहीं है बल्कि संस्कृति और भावनाओं से जुड़ा हमारा एक प्रयास भी है। यह देखकर खुशी हुई कि गाना केरल से बाहर निकलकर पूरे देश में लोगों तक पहुंचा और अलग-अलग क्षेत्रों के श्रोताओं ने इसे अपनाया। जब श्रेया घोषाल के साथ काम करने का मौका मिला, तो यह हमारे लिए बहुत बड़ा पल था। उनकी आवाज इस गाने को एक बड़े स्तर पर ले जाने की क्षमता रखती है।”

केडीएस ने कहा कि ‘कल्याणी’ हमेशा से एक ऐसा गाना रहा है, जिसमें भाषा से ज्यादा भावना महत्वपूर्ण रही है। यही कारण है कि यह गाना अलग-अलग जगहों पर लोगों से जुड़ पाया। श्रेया घोषाल के जुड़ने से यह गाना और भी स्वाभाविक रूप से आगे बढ़ा।

Exit mobile version