April 7, 2026
Entertainment

‘भाबीजी घर पर हैं! फन ऑन द रन’ में किरदार को नया आयाम देने का मौका मिला : शुभांगी अत्रे

Shubhangi Atre: Got a chance to give a new dimension to the character in ‘Bhabiji Ghar Par Hain! Fun on the Run’

7 अप्रैल । टीवी शो ‘भाबीजी घर पर हैं’ में ‘अंगूरी भाभी’ का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री शुभांगी अत्रे के लिए फिल्म ‘भाबीजी घर पर हैं! फन ऑन द रन’ बेहद खास और शानदार अनुभव देने वाला रहा। शुभांगी ने बताया कि फिल्म से उनके किरदार को नया आयाम देने का मौका मिला।

अभिनेत्री शुभांगी अत्रे ने अपनी फिल्म ‘भाबीजी घर पर हैं! फन ऑन द रन’ में अंगूरी भाभी के किरदार को तैयार करने के बारे में खुलकर बात की है। शुभांगी ने बताया कि उन्होंने अपने इस पसंदीदा किरदार को कैसे निभाया और दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए क्या ख्याल रखा।

शुभांगी अत्रे ‘भाबीजी घर पर हैं!’ टीवी सीरीज में अंगूरी भाभी के रोल के लिए खासा लोकप्रिय हैं। अब इसी किरदार के साथ वे बड़े पर्दे पर भी आ चुकी हैं। फिल्म ‘भाबीजी घर पर हैं! फन ऑन द रन’ टीवी शो ‘भाबीजी घर पर हैं’ पर आधारित है, लेकिन इसमें नई कहानी, नई जगहें और नया रोमांच है।

जब शुभांगी से पूछा गया कि टीवी शो से फिल्म में आने के बाद उनके अभिनय के तरीके में कोई बदलाव आया या नहीं, तो उन्होंने साफ कहा, “नहीं, मुझे ऐसा नहीं लगता।” उन्होंने बताया कि किरदार के प्रति पूरी ईमानदारी बनाए रखना सबसे जरूरी था। दर्शक पिछले दस साल से अंगूरी भाभी को जिस तरह पसंद करते आ रहे हैं, उसी तरह उसे निभाना था।

शुभांगी ने कहा, “लोग आपको इसलिए पसंद करते हैं क्योंकि आप उस किरदार को ठीक उसी तरह निभाते हैं, जैसा वे चाहते हैं। फिर भी फिल्म में नई स्थितियां और नई कहानी के कारण किरदार को थोड़ा नया आयाम मिला है, जिसे एक्सप्लोर करना बहुत रोमांचक रहा।”

अभिनेत्री के अनुसार, अंगूरी भाभी की सबसे बड़ी खासियत यही है कि वह बेहद सरल, मासूम और हंसाने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि दस साल तक दर्शकों का इतना प्यार मिलना किसी भी शो के लिए बड़ी बात है। अब वही प्यारे किरदार बड़े पर्दे पर नई कहानी, खूबसूरत लोकेशन्स और शानदार कलाकारों के साथ नजर आ रहे हैं और नए अंदाज में दर्शकों को काफी पसंद भी आ रहे हैं।

शुभांगी ने फिल्म को पूरी तरह मनोरंजन से भरपूर बताया। उन्होंने दर्शकों से अपील की, “यह फिल्म हंसी और मजे से भरी हुई है। आप इसे एक बार में पूरा आनंद ले सकते हैं। इसलिए इसे जरूर देखें, खूब हंसें, मजे करें और प्यार बांटें।

‘भाबीजी घर पर हैं! फन ऑन द रन’ अब जी5 प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है। फिल्म में अंगूरी भाभी के अलावा अन्य किरदारों को भी नई एनर्जी और खास अंदाज के साथ पेश किया गया है, जो दर्शकों के भरपूर मनोरंजन का वादा करती है।

Leave feedback about this

  • Service