N1Live Entertainment महिला आरक्षण विधेयक पर बोलीं शुभांगी अत्रे, महिलाओं को आरक्षण की जरूरत नहीं
Entertainment

महिला आरक्षण विधेयक पर बोलीं शुभांगी अत्रे, महिलाओं को आरक्षण की जरूरत नहीं

Shubhangi Atre spoke on the Women's Reservation Bill, saying that women do not need reservation.

टीवी की अंगूरी भाभी यानी ‘भाभीजी घर पर हैं’ की शुभांगी अत्रे ने 10 साल लगातार इस किरदार को निभाकर अलग पहचान बनाई। उन्होंने बहुत सारे टीवी सीरियल में काम किया, लेकिन असली प्रसिद्धि उन्हें इसी शो से मिली। अब अभिनेत्री ने महिला आरक्षण विधेयक पर समाचार एजेंसी आईएएनएस के साथ खुलकर बात की और विधेयक को महिलाओं और देश के लिए वरदान बताया।

शुभांगी अत्रे ने महिला आरक्षण विधेयक पर बात करते हुए सरकार के फैसले को सराहनीय बताया, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि वे आरक्षण के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा, “अगर राजनीति में महिलाओं की संख्या बढ़ रही है तो यह अच्छी बात है, लेकिन यह भी सोचने की बात है कि ऐसा क्यों है। हम महिलाएं किसी भी मामले में पुरुषों से कम नहीं हैं। हम क्रिएटर हैं और हम नया जीवन देने की ताकत रखते हैं, ऐसे में हमें आरक्षण की जरूरत नहीं है। देश में पहले से ही महिलाओं को बराबरी का अधिकार मिलना चाहिए। हमें आरक्षण की जरूरत पड़ेगी ही नहीं।”

उन्होंने आगे कहा, “हम रक्षा, सुरक्षा, और अर्थव्यवस्था से लेकर हर क्षेत्र में आगे हैं, और हम किसी से कम नहीं हैं। प्रकृति ने हमें बहुत मजबूत बनाया है और यही कारण है कि हम जो चाहे उसे पाने की क्षमता रखते हैं। इसके अलावा, अभिनेत्री ने रिलेशनशिप को लेकर भी खुलकर बात की। शुभांगी का कहना है कि उनके लिए हर रिश्ते से ऊपर सिर्फ दोस्ती का रिश्ता है और अगर वे किसी रिश्ते में आएंगी, तो अपने रिश्ते को लेबल करने से पहले दोस्ती का नाम देंगी।

अभिनेत्री ने साफ किया कि उनका खुद का अनुभव कहता है कि पति-पत्नी से ज्यादा उन्हें दोस्ती का रिश्ता पसंद है। उन्होंने कहा, “कभी-कभार बहुत अकेला लगता है, खासकर किसी परेशानी के समय में, लेकिन अब इस उम्र के साथ चीजों से डील करना भी आ गया है। बता दें कि अभिनेत्री 11 अप्रैल को अपना 45वां जन्मदिन मना रही हैं, और वह लगातार टीवी पर सक्रिय हैं। उनकी लेटेस्ट फिल्म ‘भाभी जी घर पर हैं’ हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुई है, जिसे दर्शकों ने बहुत प्यार दिया था।

Exit mobile version