25 मार्च । आज के दौर में जहां सोशल मीडिया हर किसी की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। कलाकारों पर भी हर समय ‘परफेक्ट’ दिखने का मनोवैज्ञानिक दबाव रहता है। हालांकि, अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी की सोच इससे अलग है। वे अभिनय को सर्वोपरि मानते हैं और अन्य दिखावे की चीजों को सेकेंडरी रखते हैं। इस कड़ी में उन्होंने फैशन और एक्टिंग को लेकर अपने दिल की बात साझा की।
आईएएनएस से बात करते हुए सिद्धांत चतुर्वेदी ने कहा, ”मुझे फैशन को लेकर किसी तरह का दबाव महसूस नहीं होता। मेरा असली फोकस हमेशा से एक्टिंग पर रहा है और वही मेरी पहचान है। मैंने इंडस्ट्री में कदम ही एक्टर बनने के लिए रखा था और आज जब मुझे वह मौका मिल गया है, तो वही मेरे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।”
सिद्धांत ने कहा, ”फैशन मेरे लिए कोई अलग से करने वाली चीज नहीं है। फिल्मों में मुझे अच्छे कपड़े पहनने को मिलते हैं और वही मेरा स्टाइल बन जाता है। मुझे फैशन को लेकर ज्यादा सोचना नहीं पड़ता, मैं परफेक्ट दिखने के दबाव को अपने ऊपर हावी नहीं होने देता।”
फैशन को लेकर अपनी सोच जाहिर करते हुए सिद्धांत ने कहा, ”मेरे हिसाब से सबसे ज्यादा स्टाइलिश वही इंसान होता है जो ज्यादा सोचता नहीं है और थोड़ा रिलैक्स रहता है। असली स्टाइल किसी के कपड़ों से नहीं, बल्कि पर्सनैलिटी से झलकता है। जब इंसान खुद जैसा रहता है, तो उसका आत्मविश्वास ही उसका स्वैग बन जाता है।”
उन्होंने कहा, ”अगर कोई व्यक्ति फैशन को लेकर जरूरत से ज्यादा सोचने लगता है, तो वह दूसरों जैसा बनने की कोशिश करने लगता है। इससे उसकी अपनी पहचान कहीं खो जाती है। फैशन में सबसे जरूरी है नेचुरल रहना और खुद को एक्सप्रेस करना, ना कि किसी ट्रेंड के पीछे भागना।”

