August 11, 2026
Entertainment

‘शेर वाला गाना सुनाओ’, केबीसी में प्रीति जिंटा ने बताया बच्चे अमिताभ बच्चन को ऐसे याद करते हैं

“Sing the ‘Sher’ song”—Preity Zinta reveals on KBC how children remember Amitabh Bachchan.

क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के पहले एपिसोड का आगाज हो गया। सनी देओल और प्रीति जिंटा के साथ आमिर खान भी इस सीजन के पहले गेस्ट थे। हॉट सीट पर मजेदार बातचीत के दौरान प्रीति जिंटा ने बताया कि कैसे मेगास्टार अमिताभ बच्चन उनके घर में फेवरेट हैं। यह खुलासा अभिनेत्री ने तब किया, जब उन्होंने मेगास्टार अमिताभ बच्चन से पूछा, “आप बताइए कि घर में फिल्म इंडस्ट्री से कौन सबसे ज्यादा पॉपुलर है। इस पर बिग बी ने मजाक में जवाब दिया, “कोई भी नहीं।”

अभिनेत्री ने बताया कि अमिताभ बच्चन उनके घर में सबसे ज्यादा पॉपुलर हैं। उनके बच्चे अमिताभ बच्चन को उनकी फिल्म ‘मिस्टर नटवरलाल’ के मशहूर गाने ‘मेरे पास आओ मेरे दोस्तों’ से जानते हैं। प्रीति जिंटा ने कहा, “मेरे बच्चे आपका गाना ‘मेरे पास आओ मेरे दोस्तों’ गाना अच्छे से सुनते हैं। वो मुझसे कहते हैं, ‘मॉम, शेर वाला गाना… मेरे पास आओ मेरे…’। वो जो आप करते हैं ना, जिंगल ट्यून्स तो मेरे बच्चे हमेशा वही करते रहते हैं।”

इस पर प्रीति स्टूडियो में हंसते-हंसते लोटपोट हो गईं। तब बिग बी ने भी मजेदार बात शेयर की कि आजकल की पीढ़ी उनकी 55 साल की सिनेमाई विरासत को कैसे देखती है।

बिग बी बोले, “चलिए शुक्र है कि किसी फिल्म से तो हमारा संबंध रखते हैं वो.. इतने बच्चे मिलते हैं ना, वो अपने मम्मी-पापा के साथ आकर यहां बोलते हैं, सर हमारा छोटा बच्चा है 5 साल का, पिक्चर देखते ही बोलता है सर केबीसी अंकल.. यानी 50-55 साल हो गए काम करते हुए, इतनी फिल्मों में काम किया है, किसी कैरेक्टर का नाम ही नहीं लेते हैं, सिर्फ उनको केबीसी याद आता है।”

फिल्म ‘मिस्टर नटवरलाल’ (1979) का गाना ‘मेरे पास आओ मेरे दोस्तों’ अमिताभ बच्चन द्वारा पार्श्व गायक के रूप में गाया गया पहला गाना था। इस गीत को राजेश रोशन ने संगीतबद्ध किया था और आनंद बख्शी ने लिखा था।

Leave feedback about this

  • Service