June 23, 2026
Entertainment

‘सादगी’ से नए अंदाज में लौटे गायक स्टेबिन बेन, कहा- दिल के बेहद करीब है यह गीत

Singer Stebin Ben returns with a fresh vibe in ‘Saadgi’; says the song is very close to his heart.

वर्ल्ड म्यूजिक डे के मौके पर गायक स्टेबिन बेन ने अपने फैंस को एक खास तोहफा दिया है। उन्होंने अपने नए गीत ‘सादगी’ के जरिए पहली बार कव्वाली की दुनिया में कदम रखा। स्टेबिन ने बताया कि यह अनुभव उनके लिए नया होने के साथ-साथ बेहद सुकून देने वाला भी रहा।

स्टेबिन बेन ने कहा, “जब मैंने पहली बार ‘सादगी’ को सुना, तो मुझे इस गाने से तुरंत जुड़ाव महसूस हुआ। इस गीत की कविता और इसकी धुन में एक अलग तरह की सच्चाई है, जो सीधे दिल तक पहुंचती है। एक कलाकार के रूप में ऐसे गाने बहुत कम मिलते हैं, जिनमें भावनाओं को इतनी ईमानदारी और गहराई के साथ पेश करने का अवसर मिलता है। यही वजह थी कि मैंने इस गाने को सुनते ही इसे अपने दिल के बेहद करीब महसूस किया।”

गायक ने कहा, “सादगी’ गाना भावनाओं का एक सफर है। इस गीत में प्यार, इंतजार, समर्पण और सादगी जैसी भावनाओं को बहुत खूबसूरती से पिरोया गया है। गाने की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पारंपरिक कव्वाली की आत्मा को बरकरार रखते हुए उसे आधुनिक संगीत के साथ जोड़ता है। इससे पुराने संगीत प्रेमियों को भी अपनापन महसूस होगा और नई पीढ़ी भी इससे आसानी से जुड़ सकेगी।”

स्टेबिन ने कहा, ”कव्वाली शैली में काम करना मेरे लिए एक नया अनुभव था। इस तरह के संगीत की अपनी एक अलग मांग और गहराई होती है। ऐसे में इस शैली को समझना और उसकी भावनाओं को सही तरीके से प्रस्तुत करना मेरे लिए चुनौतीपूर्ण भी था। हालांकि मैंने पूरी ईमानदारी से इस गाने को गाया और कोशिश की कि इसकी आत्मा श्रोताओं तक उसी रूप में पहुंचे, जिस रूप में इसे तैयार किया गया है।”

स्टेबिन इसमें न सिर्फ आवाज दे रहे हैं, बल्कि इसके म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ रहे हैं। वीडियो का निर्देशन अर्जुन मुखर्जी ने किया है। वहीं इसका संगीत रईस और जैन-सैम की जोड़ी ने तैयार किया है। गीत के बोल विक्की नगर ने लिखे हैं। इसके अलावा मशहूर शायर सबा अकबराबादी की कालजयी शायरी को भी इस गीत में शामिल किया गया है।

स्टेबिन ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि लोग इस गीत की सच्चाई और भावनाओं को महसूस करेंगे। संगीत तभी सफल होता है जब वह लोगों के दिलों तक पहुंचे और उनकी भावनाओं का हिस्सा बन जाए। मैं चाहता हूं कि ‘सादगी’ केवल एक गीत बनकर न रह जाए, बल्कि लोगों की जिंदगी के खूबसूरत पलों का हिस्सा बने।

Leave feedback about this

  • Service