May 19, 2026
Entertainment

शिवकार्तिकेयन की ‘सेयोन’ की दमदार अंदाज के साथ शूटिंग शुरू, कमल हासन की मौजूदगी ने बढ़ाया उत्साह

Sivakarthikeyan’s ‘Saiyon’ shooting begins with a bang, Kamal Haasan’s presence adds to the excitement.

तमिल सिनेमा में इन दिनों अभिनेता शिवकार्तिकेयन की नई फिल्म ‘सेयोन’ को लेकर जबरदस्त चर्चा हो रही है। फिल्म की घोषणा के बाद से ही दर्शकों के बीच खास उत्सुकता बनी हुई है और अब फिल्म की शूटिंग भी आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुकी है। मदुरै में पूजा के साथ फिल्म का शुभारंभ किया गया, जिसमें कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। इस दौरान कमल हासन की मौजूदगी ने सबका ध्यान खींचा।

फिल्म का निर्देशन शिवकुमार मुरुगेसन कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण राजकमल फिल्म्स इंटरनेशनल और टरमरिक मीडिया मिलकर कर रहे हैं। फिल्म में अभिनेत्री भाग्यश्री बोरसे मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। यह उनकी पहली तमिल फिल्म होगी। फिल्म की शुरुआत की घोषणा करते हुए प्रोडक्शन हाउस राजकमल फिल्म्स इंटरनेशनल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ”’सेयोन’ की शुरुआत हो चुकी है और अब जश्न शुरू होता है।”

इस पोस्ट के सामने आते ही फैंस ने कमेंट्स में फिल्म को लेकर अपनी खुशी जाहिर करनी शुरू कर दी फिल्म की लॉन्चिंग से पहले निर्देशक शिवकुमार मुरुगेसन ने एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में वह अपनी टीम के साथ कमल हासन के ऑफिस पहुंचते हैं और एग्रीमेंट साइन करते दिखते हैं।

उन्होंने वीडियो को शेयर करते हुए कहा, ”मैं बहुत समय से सोच रहा था कि क्या मुझे कमल हासन का ऑटोग्राफ मिल पाएगा, लेकिन अब मुझे खुद कमल हासन के साइन वाला 80 पन्नों का एग्रीमेंट मिला है। यह पल मेरे लिए किसी सपने के पूरे होने जैसा है।”

फिल्म को लेकर लोगों की दिलचस्पी तब और बढ़ गई थी, जब मेकर्स ने ‘द सेलिब्रेशन’ नाम से फिल्म की एक झलक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में मदुरै के करुमाथुर विरुमांडी मंदिर में होने वाले मासी कलारी उत्सव की झलक दिखाई गई थी। वीडियो में कहानी को मेले में हुए एक बड़े झगड़े के बाद की दिखाई जाती है। पुलिस स्टेशन में कई लोग इकट्ठा होते हैं और एक कांस्टेबल इंस्पेक्टर को बताता है कि मेले में भारी हंगामा हुआ था।

वीडियो में कुछ युवक आधे मुंडे सिर के साथ दिखाई देते हैं। पूछने पर पता चलता है कि उन्होंने मेले में नाच रही महिलाओं का वीडियो बनाने की कोशिश की थी। उनकी इस हरकत से नाराज होकर किसी ने उन्हें पीट दिया और आधा सिर मुंडवा दिया। वहीं एक और व्यक्ति बताता है कि वह धार्मिक नाटक ‘वल्ली थिरुमानम’ करने वाला था, लेकिन उसे भी पीट दिया गया।

इस दौरान एक आदमी बताता है कि हमला करने वाला इंसान वही है, जिस पर विरुमांडी देवता की शक्ति आती है।

वीडियो के आखिर में पुलिस को पता चलता है कि आसपास के लगभग सभी गांवों के लोग वहां मौजूद हैं, लेकिन धार्मिक जुलूस के कारण करुमाथुर गांव के लोग नहीं आए हैं। कुछ लोग उस जुलूस को रोकने की कोशिश करते हैं, लेकिन परंपरा के अनुसार उसे रोका नहीं जा सकता। इसी दौरान इंस्पेक्टर शिवकार्तिकेयन एक अलग शक्तिशाली रूप में दिखाई देते हैं और हाथ जोड़कर उनके सामने प्रार्थना करने लगते हैं। इस सीन ने फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ा दिया है।

मेकर्स का कहना है कि फिल्म इसी साल अक्टूबर में रिलीज होगी।

Leave feedback about this

  • Service