इंदिरापुरम थाना पुलिस को चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता मिली है। पुलिया रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ के बाद एक शातिर स्नैचर को गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात इंदिरापुरम थाना पुलिस टीम कनावनी पुलिया रोड पर नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कनावनी पुलिया की ओर से एक मोटरसाइकिल पर संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया।
पुलिस का कहना है कि पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके से पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मुनासिर उर्फ मुनाजिर (23 वर्ष) पुत्र मोईन अहमद, निवासी गरिमा गार्डन, साहिबाबाद के रूप में हुई है। घायल अवस्था में उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और पीली धातु का एक टुकड़ा बरामद किया है। बरामद मोटरसाइकिल चोरी की बताई जा रही है, जिसका इस्तेमाल आरोपी वारदातों में करता था।
एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि आरोपी शातिर किस्म का स्नैचर है और दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं। आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली-एनसीआर और गाजियाबाद में स्कूटी व मोटरसाइकिल बदल-बदलकर चेन स्नैचिंग और मोबाइल लूट की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब दो सप्ताह पहले इंदिरापुरम क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की घटना में भी शामिल होने की बात स्वीकार की है। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपी के इन दावों की पुष्टि संबंधित विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी मुनासिर के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न थानों में लूट, स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत करीब 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की नजर में था।


Leave feedback about this