N1Live Entertainment सोहा अली खान ने बेटी को दिया बचपन का सबसे प्यारा खिलौना, बोलीं- ‘वही खुशी देना चाहती हूं, जो मुझे मिली थी’
Entertainment

सोहा अली खान ने बेटी को दिया बचपन का सबसे प्यारा खिलौना, बोलीं- ‘वही खुशी देना चाहती हूं, जो मुझे मिली थी’

Soha Ali Khan gives her daughter her favorite childhood toy; says, "I want to give her the same joy that I experienced."

17 जून । बचपन की यादें अक्सर किसी खास जगह, व्यक्ति या चीजों से जुड़ी होती हैं। कई बार एक मामूली सा खिलौना भी बच्चों की दुनिया का सबसे जरूरी हिस्सा बन जाता है। अभिनेत्री सोहा अली खान के पास भी ऐसा ही एक खिलौना था, जिससे उनकी बचपन की यादें जुड़ी हुई है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर फैंस को उस खिलौने को दिखाया। यह खिलौना एक टॉय डॉग है, जिसका नाम उन्होंने ‘इलियट’ रखा था। अब यही खिलौना उनकी बेटी इनाया नौमी खेमू के पास है।

सोहा ने वीडियो में बताया, ”गर्मियों की छुट्टियों की सबसे खूबसूरत यादें भाई सैफ अली खान और सबा अली खान पटौदी के साथ बिताए गए वे पल हैं, जब हम तीनों मिलकर इलियट को लेकर अलग-अलग कहानियां बनाया करते थे। एक व्यक्ति कहानी शुरू करता था, दूसरा उसे आगे बढ़ाता था और तीसरा उसमें कोई नया मोड़ जोड़ देता था। इस तरह हमारी कल्पनाओं में इलियट कभी दुनिया की सैर करता था, कभी किसी रहस्य को सुलझाता था और कभी नए दोस्तों से मिलता था।”

वीडियो में सोहा ने कहा, ”भाई सैफ खेल को और मजेदार बनाने के लिए घर के अलग-अलग हिस्सों में सुराग छिपा देते थे। वहीं बहन सबा खजाने तक पहुंचने के लिए नक्शा तैयार करती थीं और मैं इलियट को अपना साथी बनाकर उन सुरागों की तलाश करती थीं और रहस्यों को सुलझाने निकल पड़ती थीं। कई बार पूरा दिन ऐसे ही बीत जाता था और हमें समय का पता भी नहीं चलता था। इससे हमें खुशी मिली थी।”

सोहा ने कहा, ”असली महत्व खिलौने का नहीं था, बल्कि उस कल्पना का था जो उस खिलौने के जरिए की जाती थी। एक साधारण खिलौना बच्चों को नई दुनिया बनाने, नए किरदार गढ़ने और अपनी सोच को खुलकर उड़ान देने का मौका देता है। यही वजह है कि मैं आज भी इलियट को अपने जीवन का बेहद खास हिस्सा मानती हूं।”

अभिनेत्री ने कहा, ”जब इनाया पैदा हुई, तो मैं सच में चाहती थी कि वह अपनी छोटी सी दुनिया बनाने की वही खुशी महसूस करे, इसलिए मैंने उसे अपना सबसे प्यारा खिलौना इलियट दिया। अब इनाया भी खिलौनों के साथ घंटों खेलती है। कभी वह उन्हें कहानी सुनाती है, कभी उनके लिए खाना बनाती है और कभी उन्हें पढ़ाने का नाटक करती है। उसकी कल्पना को इस तरह विकसित होते देखना बेहद खुशी देता है।”

वीडियो के साथ कैप्शन में सोहा ने लिखा, “कोई भी खिलौना सिर्फ खेलने की चीज नहीं होता, बल्कि वह एडवेंचर, क्रिएटिविटी और खूबसूरत यादों की शुरुआत होता है।”

Exit mobile version