N1Live Entertainment पहली बार देखी बर्फ तो खाने लगीं सोनम खान, अभिनेत्री की मासूमियत देख हंस पड़े थे यश चोपड़ा
Entertainment

पहली बार देखी बर्फ तो खाने लगीं सोनम खान, अभिनेत्री की मासूमियत देख हंस पड़े थे यश चोपड़ा

Sonam Khan started eating snow when she saw it for the first time; Yash Chopra was amused by the actress's innocence.

22 अप्रैल । बीते जमाने की अभिनेत्री सोनम खान ने डेब्यू फिल्म ‘विजय’ से हिंदी सिनेमा में कदम रखा था। मंगलवार को अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम के जरिए फिल्म से जुड़ा दिलचस्प किस्सा शेयर किया। अभिनेत्री ने बताया कि कैसे उनकी पहली फिल्म की शूटिंग के दौरान भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था।

सोनम ने बताया कि फिल्म विजय की शूटिंग के सिलसिले में वे पहली बार भारत से बाहर स्विट्जरलैंड गई थीं। पहली बार बर्फ को करीब से देखने के उत्साह में उन्होंने उसे सच में खाना शुरू कर दिया था।

अभिनेत्री ने लिखा, “मेरी मासूमियत को देखकर फिल्ममेकर यश चोपड़ा अपनी हंसी नहीं रोक पाए थे। यश जी ने उस समय मेरे अंदर के बच्चे को महसूस कर लिया था।”

अभिनेत्री ने आगे बताया कि उस दौरान उनके लिए एक चुनौती बढ़ गई थी, जब स्विट्जरलैंड पहुंचने पर उनका सारा सामान खो गया था। उन्होंने लिखा, “इस बैग में डिजाइनर भानु अथैया द्वारा तैयार किए गए बेहद खास कपड़े थे। कपड़े खो जाने के गम से मैं बच्ची की तरह रोने लगी थी, क्योंकि मेरे पास शूटिंग के लिए कुछ भी नहीं बचा था।”

शूटिंग रुक न जाए, इसलिए सोनम को स्विट्जरलैंड में तुरंत खरीदारी करनी पड़ी। सोनम ने बताया, “उस समय वहां गर्मी का मौसम था, इसलिए दुकानों पर सिर्फ छोटे कपड़े ही उपलब्ध थे। मेरे पास कोई और विकल्प नहीं था, इसलिए मैंने एक स्विमिंग कॉस्टयूम के ऊपर छोटी स्कर्ट पहनकर गाने की शूटिंग पूरी की।”

सोनम ने यह भी बताया कि उस समय उन्हें डांस का बिल्कुल अनुभव नहीं था। उन्होंने लिखा, “गाने के लिए कोई तैयारी या रिहर्सल नहीं की गई थी, जिसके कारण मुझे ताल मिलाने में काफी दिक्कत हुई। हालांकि, इतनी बाधाओं और परेशानियों के बावजूद मैंने उस समय को काफी एन्जॉय किया। यह मेरे जीवन की सबसे यादगार यात्राओं में से एक थी।”

1988 में रिलीज हुई फिल्म ‘विजय’ का निर्देशन यश चोपड़ा ने किया था, और इसमें अभिनेत्री के साथ ऋषि कपूर मुख्य भूमिका में थे।

Exit mobile version