July 22, 2026
Entertainment

संसद के बाहर प्रदर्शन पर कंगना रनौत ने कहा-‘भीड़ देखकर डर गए थे, दिल्ली पुलिस ने ढाल बनकर बचाया’

Speaking on the protest outside Parliament, Kangana Ranaut said, “I was scared seeing the mob; the Delhi Police shielded and saved me.”

भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने संसद के बाहर हुए कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) प्रदर्शन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। कंगना ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान हालात काफी तनावपूर्ण हो गए थे और वहां मौजूद लोग डर गए थे। उन्होंने दिल्ली पुलिस की तारीफ करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों ने अपनी सुरक्षा की चिंता किए बिना लोगों को सुरक्षित रखने का काम किया।

कंगना रनौत ने कहा, ”प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ को देखकर संसद में हर कोई बेहद घबरा गया था। सुरक्षा के लिहाज से संसद के गेट तक बंद करने पड़े, जिससे सभी लोग अंदर एक तरह से कैद हो गए थे।”

कंगना ने स्थिति की गंभीरता को व्यक्त करते हुए कहा, ”भीड़ का आक्रामक रूप देखकर सभी के मन में हमले का डर बना हुआ था लेकिन मैं दिल्ली पुलिस की सराहना करती हूं कि उन्होंने हमारे लिए ढाल का काम किया। पुलिस अधिकारियों ने खुद चोटें सहकर भी जनमानस की सुरक्षा सुनिश्चित की।”

दरअसल, संसद के पास कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से प्रदर्शन किया जा रहा था। इस प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच स्थिति कई बार तनावपूर्ण होती नजर आई। प्रदर्शन को देखते हुए संसद के आसपास सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए थे।

इससे पहले मानसून सत्र के दौरान मीडिया से बात करते हुए कंगना ने कहा था, “किसी को पद से हटाने या रखने के लिए सरकार पर दबाव बनाना गलत है। सार्वजनिक मुद्दों पर बहस के लिए संसद सही जगह है, न कि आंदोलन। जनता ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सरकार को चुना है और सरकार किस प्रकार कार्य करेगी, यह उसका अधिकार है। यदि किसी दल या नेता को सरकार की नीतियों पर आपत्ति है तो उसे चुनाव लड़कर जनता का समर्थन प्राप्त करना चाहिए। केवल विरोध प्रदर्शन के जरिए से सरकार पर यह दबाव नहीं बनाया जा सकता कि वह किसे पद पर रखें या हटाएं। संसद का उद्देश्य संवाद और बहस है न कि टकराव है।”

Leave feedback about this

  • Service