N1Live Entertainment ‘लकड़ी की काठी’ की सफलता को लेकर शेखर कपूर बोले, ‘तब नहीं सोचा था कि यह गीत कई पीढ़ियों का पसंदीदा बन जाएगा’
Entertainment

‘लकड़ी की काठी’ की सफलता को लेकर शेखर कपूर बोले, ‘तब नहीं सोचा था कि यह गीत कई पीढ़ियों का पसंदीदा बन जाएगा’

Speaking on the success of 'Lakdi Ki Kathi', Shekhar Kapur said, "I hadn't imagined back then that this song would become a favorite across generations."

फिल्म निर्देशक शेखर कपूर इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘मासूम: द नेक्स्ट जेनरेशन’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उन्होंने अपनी 1983 की सुपरहिट फिल्म ‘मासूम’ के सबसे लोकप्रिय गीत ‘लकड़ी की काठी’ को लेकर एक वीडियो पर भावुक प्रतिक्रिया दी।

दरअसल, शेखर कपूर ने एक्स टाइमलाइन पर एक वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में एक छोटा बच्चा गहरी नींद में सोता हुआ दिखाई देता है। जैसे ही टीवी पर ‘लकड़ी की काठी’ गीत बजना शुरू होता है, बच्चा अचानक नींद से उठ जाता है और गाने की धुन पर खुशी-खुशी नाचने लगता है। वीडियो में बच्चे की इस मासूमियत ने शेखर कपूर का ध्यान अपनी ओर खींचा।

वीडियो के कमेंट में शेखर कपूर ने लिखा, ”यह बहुत प्यारा है। जब हमारी टीम ने ‘लकड़ी की काठी’ गीत बनाया था, तब किसी ने भी यह नहीं सोचा था कि यह गीत आने वाली कई पीढ़ियों तक बच्चों और परिवारों के बीच इतना लोकप्रिय रहेगा।”

बता दें कि यह मशहूर गीत साल 1983 में रिलीज हुई फिल्म ‘मासूम’ से है, जिसे बाल कलाकार उर्मिला मातोंडकर, आराधना और जुगल हंसराज पर फिल्माया गया था। इस गीत को गौरी बापट, गुरप्रीत कौर और वनिता मिश्रा ने अपनी मधुर आवाज में गाया था। आज भी स्कूलों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लेकर बच्चों की प्रस्तुतियों तक यह गीत खूब सुनाई देता है।

फिल्म ‘मासूम’ का निर्देशन शेखर कपूर ने किया था। इसमें शबाना आजमी, नसीरुद्दीन शाह, सईद जाफरी, तनुजा और सुप्रिया पाठक जैसे दिग्गज कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं। वहीं उर्मिला मातोंडकर, आराधना और जुगल हंसराज ने इसी फिल्म में बाल कलाकार के रूप में काम किया था।

वहीं, शेखर कपूर की बात करें तो वह ‘मासूम’ के अगले पार्ट ‘मासूम: द नेक्स्ट जेनरेशन’ की तैयारी में बिजी हैं। इस नई फिल्म में भी नसीरुद्दीन शाह और शबाना आजमी नजर आएंगे। इनके अलावा, मनोज बाजपेयी, नित्या मेनन और कावेरी कपूर मुख्य भूमिकाओं में होंगे।

Exit mobile version