June 19, 2026
Entertainment

सिंगापुर में होगी ‘तुम से तुम तक’ के खास ट्रैक की शूटिंग, निहारिका चौकसे ने जताया उत्साह

Special track of ‘Tum Se Tum Tak’ to be shot in Singapore; Niharika Chouksey expresses excitement.

टीवी का लोकप्रिय शो ‘तुम से तुम तक’ में एक नया और खास ट्रैक जुड़ने जा रहा है, जिसे लेकर शो की मुख्य अभिनेत्री निहारिका चौकसे काफी उत्साहित हैं। इस नए ट्रैक में उनके साथ अभिनेता शरद केलकर भी नजर आएंगे, और कहानी को एक नया मोड़ मिलेगा।

आईएएनएस से बात करते हुए निहारिका चौकसे ने कहा, ”शो का आने वाला हनीमून ट्रैक मेरे लिए बेहद खास है, क्योंकि यह कहानी का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह मोड़ मेरे किरदार ‘अनु’ और शरद केलकर के किरदार ‘आर्य’ की कहानी में एक बड़ा बदलाव लेकर आएगा। इस ट्रैक में दोनों किरदारों को एक साथ समय बिताने का मौका मिलेगा।”

निहारिका ने कहा, “यह कहानी का एक ऐसा हिस्सा है, जिसमें अनु और आर्य रोजमर्रा की भागदौड़ और तनाव से दूर, अपने रिश्ते को समझने की कोशिश करेंगे। इस दौरान उनके बीच भावनात्मक जुड़ाव मजबूत होगा और दर्शकों को उनके रिश्ते का एक नया पहलू देखने को मिलेगा।”

उन्होंने कहा, “दर्शकों का प्यार ही किसी कलाकार के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा होती है। अनु और आर्य की जोड़ी को दर्शकों से जो प्रतिक्रिया मिल रही है, वह पूरी टीम के लिए उत्साह बढ़ाने वाली है। इसी प्यार की वजह से टीम और मेहनत कर रही है ताकि कहानी को और बेहतर तरीके से पेश किया जा सके और दर्शकों को एक नया अनुभव मिल सके।”

उन्होंने बताया कि इस खास ट्रैक की शूटिंग के लिए पूरी टीम जल्द सिंगापुर रवाना होने वाली है। यह शूटिंग जुलाई में होगी और लगभग एक हफ्ते तक चलेगी। विदेश में शूटिंग करना हमेशा एक अलग अनुभव होता है, क्योंकि वहां का माहौल, लोकेशन और काम करने का तरीका सब कुछ नया होता है। इस वजह से पूरी टीम में काफी उत्साह है और सभी लोग इस नए शेड्यूल को लेकर उत्सुक हैं।

निहारिका ने कहा, ”जब टीम एक साथ किसी नए देश या जगह पर शूट करती है, तो उनके बीच की बॉन्डिंग भी और मजबूत हो जाती है। हालांकि ऐसे शेड्यूल थोड़े थकाने वाले जरूर होते हैं, लेकिन नए अनुभव और टीम के साथ बिताया गया समय इसे यादगार बना देता है।”

Leave feedback about this

  • Service