13 फरवरी । राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में बीते 24 घंटों के दौरान चली तेज हवाओं ने प्रदूषण के स्तर को काफी हद तक कम कर दिया है। हवा की रफ्तार बढ़ने से वातावरण में जमा धूल और प्रदूषक कणों का फैलाव हुआ, जिससे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में सुधार दर्ज किया गया। कई इलाकों में एक्यूआई येलो जोन (मध्यम श्रेणी) में पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 17 फरवरी को बारिश और तेज हवाओं के साथ तूफान की भी संभावना जताई गई है, जिससे आने वाले दिनों में और राहत मिल सकती है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक नोएडा के सेक्टर-62 में एक्यूआई 130 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में है और क्षेत्र का सबसे कम स्तर रहा।
इसके अलावा सेक्टर-116 में 147, सेक्टर-1 में 178 और सेक्टर-125 में 183 दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि नोएडा में वायु गुणवत्ता अन्य शहरों की तुलना में बेहतर स्थिति में रही। गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक्यूआई 202 और वसुंधरा में 201 दर्ज किया गया, जो ऑरेंज जोन (खराब श्रेणी) में आता है। वहीं संजय नगर में एक्यूआई 162 दर्ज हुआ, जो मध्यम श्रेणी में है। तेज हवाओं के कारण यहां भी प्रदूषण में आंशिक गिरावट देखी गई है, हालांकि कुछ इलाकों में स्तर अभी भी खराब श्रेणी में बना हुआ है।
राजधानी दिल्ली के विभिन्न मॉनिटरिंग स्टेशनों पर भी वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया। आनंद विहार में एक्यूआई 229, बवाना में 220, अलीपुर में 212 और अशोक विहार में 201 दर्ज किया गया, जो ऑरेंज जोन में है। वहीं चांदनी चौक (179), बुराड़ी क्रॉसिंग (178), डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज (169), सीआरआरआई मथुरा रोड (156), द्वारका सेक्टर-8 (190) और डीटीयू (191) में एक्यूआई येलो जोन में दर्ज किया गया।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 13 से 15 फरवरी तक हल्की धुंध (मिस्ट) रहने का अनुमान है। तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच अधिकतम और 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच न्यूनतम रहने की संभावना है। 17 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश और तेज आंधी-तूफान के आसार हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हवाओं की गति बनी रही और हल्की बारिश होती है तो आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता और बेहतर हो सकती है।

