April 10, 2026
National

एनसीआर में अगले तीन दिन तेज हवाओं का असर, बारिश की संभावना नहीं, वायु गुणवत्ता में सुधार के संकेत

Strong winds to hit NCR for next three days, no rain expected, air quality showing signs of improvement

10 अप्रैल । राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) समेत पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज फिलहाल शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले तीन दिनों तक क्षेत्र में बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन तेज सतही हवाएं लगातार चलेंगी।

इन हवाओं का असर खास तौर पर दिन के समय अधिक देखने को मिलेगा, जिससे तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव के साथ-साथ वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में भी सुधार दर्ज किया जा सकता है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 10 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

11 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और अधिकतम 34 डिग्री रहने का अनुमान है। इसी तरह 12 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इन तीनों दिनों में “स्ट्रॉन्ग सरफेस विंड्स” यानी तेज सतही हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

13 अप्रैल से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, जब आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी। इस दिन न्यूनतम तापमान 20 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 डिग्री रहने का अनुमान है। 14 अप्रैल को भी मौसम साफ रहेगा, जहां तापमान 20 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। वहीं 15 अप्रैल को अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंच सकता है, जिससे गर्मी का असर और बढ़ेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, तेज हवाओं के चलते वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषक कणों का स्तर कम होगा, जिससे वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार देखने को मिलेगा। फिलहाल एनसीआर का एक्यूआई येलो जोन (मध्यम श्रेणी) में बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में यह और बेहतर हो सकता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की हवाएं गर्मी के शुरुआती दौर में आम होती हैं और ये प्रदूषण को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाती हैं। हालांकि, तेज हवाओं के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, खासकर खुले क्षेत्रों में।

Leave feedback about this

  • Service